Share Market ki Pathshala: आखिर क्या है ये Sensex? कैसे बताता है बाजार का मूड
What is Sensex: शेयर बाजार से संबंधित जब भी कोई खबर आप सुनते हैं तो उसमे अक्सर सेंसेक्स (Stock Exchange Sensitive Index) का जिक्र होता है। खबरों में आप सुनते हैं कि सेंसेक्स 100 अंक ऊपर, सेंसेक्स 150 अंक गिरा। कभी आपने सोचा है कि आखिर यह सेंसेक्स होता क्या है।
दरअसल सेंसेक्स के जरिए आप भारत के शेयर बाजार में लिस्टेड हजारों कंपनियों के बारे में एक अंदाजा लगा सकते हैं कि भारतीय बाजार की दिशा क्या है। इसे उदाहरण के तौर पर चुनाव से पहले आने वाले एग्जिट पोल से समझ सकते हैं।

एग्जिट पोल कुछ लोगों की राय पर आधारित आंकड़े पेश करते हैं, जिससे अंदाजा लगता है कि चुनाव के नतीजे कैसे होने वाले हैं। इसी तरह से शेयर बाजार में हजारों कंपनियों का प्रदर्शन कैसा है, उसका अंदाजा कुछ कंपनियों के स्टॉक के प्रदर्शन के आधार पर लगाने की कोशिश की जाती है।
भारतीय शेयर बाजार में तकरीबन 8000 हजार कंपनियां हैं, ऐसे में इन कंपनियों का औसत प्रदर्शन कैसा है, इसकी झलक हमें कुछ चुनिंदा शेयरों के प्रदर्शन से देखने को मिलता है। इसके आधार पर यह जानकारी मिलती है कि बाजार का मूड क्या है, यह ऊपर जा रहा है या फिर नीचे।
क्या है सेंसेक्स?
सेंसेक्स की बात करें तो इसमे कुल 30 कंपनियां हैं जबकि निफ्टी में कुल 50 कंपनियां हैं। सेंसेक्स 30 टॉप कंपनियों के प्रदर्शन के आधार पर आपको बाजार के मूड की जानकारी देता है। उसी तरह से निफ्टी टॉप 50 शेयर के आधार पर आपको यह जानकारी देता है कि बाजार का मूड कैसा है। ऐसे में सेंसेक्स में लिस्टेड टॉप 30 कंपनियां जैसा प्रदर्शन करती हैं, उसे ही सेंसेक्स अपने ग्राफ से दर्शाता है।
100 फीसदी असल तस्वीर नहीं पेश करता सेंसेक्स
ऐसे में आप इस बात को बेहतर समझ गए होंगे कि सेंसेक्स बाजार की 100 फीसदी असल तस्वीर को नहीं दर्शाता है। बल्कि यह बाजार के मूड का अंदाजा लगाने में आपकी मदद करता है, ताकि हर रोज आपको हजारों कंपनियों के प्रदर्शन को ना देखना पड़े।
ऐसे में जब भी आप सेंसेक्स को देखें तो इसका इस्तेमाल बाजार का मूड समझने में करें, वास्तविकता में यह देश की सभी लिस्टेड कंपनियों की सटीक तस्वीर पेश नहीं करता है।












Click it and Unblock the Notifications