कमजोरी के साथ खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स में 135 अंकों की गिरावट
मुंबई। एशियाई और अमरीकी बाजारों में गिरावट का असर बुधवार को मुंबई शेयर बाजार पर भी देखने को मिला। बुधवार को सेंसेक्स 135 अंकों की गिरावट के साथ 33182 पर खुला। तो वहीं निफ्टी 48 अंकों की गिरावट के साथ 10,200 के स्तर पर पहुंच गया। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में बिकवाली नजर आ रही है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.2 फीसदी गिरा है।
आइटी को छोड़ सभी सेक्टर लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। बाजार को लगातार हो रही गिरावट के पीछे का कारण सरकारी बैंकों में छाई बिकवाली माना जा रही है। निफ्टी के 50 में से 39 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। वहीं 11 शेयर हरे निशान में हैं।
सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन रुपए की मजबूत शुरुआत हुई। डॉलर के मुकाबले रुपया 6 पैसे की बढ़त के साथ 64.89 के स्तर पर खुला। वहीं मंगलवार को रुपए में मजबूती देखने को मिली। डॉलर के मुकाबले रुपया 15 पैसे बढ़कर 64.95 रुपए के स्तर पर बंद हुआ था।
मंगलवार को अमेरिकी बाजारों में मिला-जुला कारोबार देखने को मिला। डाओ जोंस 0.04 फीसदी की कमजोरी के साथ 24,884 अंक पर बंद हुआ। वहीं नैस्डैक 41 अंक की उछाल के साथ 7,372 अंक पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 इंडेक्स 0.26 फीसदी की बढ़त के साथ 2,728 अंक पर बंद हुआ।