मोबाइल ऐप के जरिए बिना अकाउंट नंबर के अब किसी को भी भेजिए पैसा
मुंबई। अब आप बिना अकाउंट नंबर जाने किसी के बैंक अकाउंट में पैसा भेज सकते हैं। इसके लिए बस एक खास मोबाइल बैंकिंग ऐप डाउनलोड कर इंस्टॉल करना होगा। इस ऐप के जरिए आप अपने उन सभी बैंकों को एक्सेस कर सकेंगे जिसमें आपके खाते हैं और किसी को भी पैसा भेज सकेंगे।

एक ईमेल जैसे किसी आसान पते से भेजा जा सकेगा पैसा
मोबाइल बैंकिंग ऐप के जरिए किसी को भी पैसा भेजने के लिए अकाउंट नंबर के बजाय सिर्फ ईमेल जैसे किसी आसान पते की जरूरत होगी। एक ऐप के जरिए कई बैंकों के खातों को एक्सेस कर आप फंड ट्रांसफर कर सकेंगे।
कैसे भेज सकेंगे पैसा- जानिए स्टेप बाय स्टेप
स्टेप 1 - स्मार्टफोन में यूपीआई ऐप डाउनलोड कर इंस्टॉल करें। अपने जिस बैंकिंग ऐप का इस्तेमाल कर रहे हैं वह भी अगले कुछ दिनों में यूपीआई इनेबल्ड हो जाएगा।
स्टेप 2 - ऐप में अपना वर्चुअल पेमेंट एड्रेस बनाएं (VPA) जैसे abcd@bank. इसके लिए आप मोबाइल नंबर या नाम भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
स्टेप -3 जितने बैंक अकाउंट में आपके खाते हैं, सबको ऐप से जोड़िए। फिलहाल 21 बैंकों को आप ऐप से लिंक कर सकते हैं।
स्टेप 4 - सीक्रेट एम पिन सेट कीजिए
स्टेप 5 - अब इस ऐप में किसी का भी वर्चुअल पेमेंट एड्रेस लिखकर उसके अकाउंट में पैसा भेज दीजिए।
इस ऐप के इस्तेमाल से आपको होने वाले फायदे
- एक ही ऐप से कई बैंक अकाउंट्स का आप उपयोग कर पाएंगे।
- 16 अंकों का बैंक अकाउंट नंबर और आईएफएससी कोड भरने के झंझट से मुक्ति मिलेगी।
- एक लाख रुपए तक का फंड ट्रांसफर कर सकेंगे।
- फिलहाल फंड ट्रांसफर के लिए आपसे कोई चार्ज नहीं लिया जाएगा।

आरबीआई ने यूनीफाइड पेमेंट इंटरफेस को दी मंजूरी
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने यूनीफाइड पेमेंट इंटरफेस (यूपीआई) को मंजूरी दे दी है जिसके जरिेए बिना अकाउंट नंबर के पैसा भेजना संभव हो सकेगा।
क्या है यूनीफाइड पेमेंट इंटरफेस
यह एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जिसमें कई बैंक अकाउंट नंबर्स को ईमेल जैसे किसी आसान पेमेंट एड्रेस से लिंक किया जा सकता है। यूपीआई इनेबल्ड ऐप स्मार्टफोन में इंस्टॉल होते ही इसे बैंक में बदल देगा।
एटीएम जैसा है कुछ-कुछ यूपीआई इनेबल्ड ऐप
किसी भी बैंक के एटीएम का उपयोग कर आप अपने किसी बैंक के खाते में रखे पैसों को इसलिए निकाल पाते हैं क्योंकि एटीएम सभी बैंकों को एक ही नेटवर्क से जोड़ देता है।
ठीक इसी तरह यूपीआई इनेबल्ड ऐप भी सभी बैंक खातों को एक ही ऐप से जोड़ देगा। इसके जरिए एक ही ऐप से सभी बैंक खातों को एक्सेस किया जा सकेगा। लेकिन यूपीआी ऐप बैंक खातों को जोड़ेगा ही नहीं, किसी के बैंक अकाउंट में फंड ट्रांसफर भी करेगा।
बैंक अकाउंट नंबर के झंझट से मिलेगी मुक्ति
अब तक किसी के अकाउंट में पैसा भेजने के लिए 15 अंकों का बैंक अकाउंट नंबर, आईएफएससी कोड सहित अन्य डिटेल्स भरने भरने पड़ते हैं। लेकिन यूपीआई ऐप में पैसा भेजने के लिए बस abc@hdfcbank जैसे किसी आसान एड्रेस को भरने की जरूरत होगी। पैसा अपने आप इस एड्रेस के जरिए इससे लिंक किए हुए अकाउंट में पहुंच जाएगा।
गूगल प्ले स्टोर में अगले कुछ दिनों में बैंकों के यूपीआई ऐप
फिलहाल यूपीआई ऐप से 21 बैंक जुड़े हैं। अगले कुछ दिनों में सभी 21 बैंकों के यूपीआई इनेबल्ड ऐप गूगल प्ले स्टोर में आने की संभावना है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने फिलहाल इसको होल्ड पर रखा है।
एसबीआई की डिप्यूटी एमडी मंजु अग्रवाल ने सिंतबर के आखिर तक इस ऐप के तैयार होने की बात कही है। लेकिन एसबीआई को अभी नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) से यूपीआई सिस्टम पर कुछ और जानकारियों का इंतजार है। उसके बाद प्ले स्टोर में इस ऐप को उपलब्ध कराने का निर्णय एसबीआई लेगी।
नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन देश में रिटेल पेमेंट्स सिस्टम को देखती है। इसके एडवाइजर नंदन नीलकेनी हैं जो यूपीआई के बड़े चैंपियन माने जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications