SBI: सेविंग एकाउंट के 44.5 करोड़ ग्राहकों को दी खुशखबरी और साथ ही झटका भी
नई दिल्ली। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने बुधवार को अपने ग्राहकों के लिए बड़ा ऐलान किया है। बैंक ने मिनिमम बैलेंस रखने के नियम को बदल दिया है। बैंक की ओर से जारी किए गए बयान के मुताबिक, एसबीआई में जिन ग्राहकों का सेविंग अकाउंट है। उनके लिए मिनिमम बैलेंस रखना जरूरी नहीं होगा। यानी अब ग्राहक चाहें तो सभी पैसे अपने खाते से निकाल सकता है।

44.51 करोड़ ग्राहकों को फायदा होगा
बैंक की ओर से कहा गया है, सभी तरह के सेविंग बैंक अकाउंट पर एवरेज मंथली बैलेंस की अनिवार्यता को खत्म की जा रही है। बैंक के ग्राहकों को परेशानी मुक्त बैंकिंग सेवा उपलब्ध कराने के लिए यह कदम उठाया गया है। इससे एसबीआई के 44.51 करोड़ ग्राहकों को फायदा होगा। बता दें कि अभी तक एसबीआई में सेविंग अकाउंट के लिए इस समय ग्रामीण इलाकों में 1000 रुपए, सेमी अर्बन एरिया में 2,000 रुपए और मेट्रो सिटीज में 3,000 रुपए का मिनिमम बैलेंस रखना जरूरी होता है।

एफडी की ब्याज दरों में बदलाव
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) की ब्याज दरों में भी बदलाव किया है। एसबीआई की 7 से 45 दिन की अवधि वाली एफडी पर अब 4 फीसदी का ब्याज मिलेगा, ये पहले 4.5 प्रतिशत था। 1 से 5 साल की अवधि वाली एफडी पर ब्याज 6 से घटाकर 5.9 प्रतिशत किया गया है। एफडी की नई दरें 10 मार्च से लागू मानी जाएंगी।

होम लोन की ब्याज दरें घटाईं
भारतीय स्टेट बैंक ने होम लोन की ब्याज दरें घटाई हैं। बैंक ने मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड्स बेस्ड लेंडिंग रेट (एमसीएलआर) में 15 आधार अंकों की कटौती की है। MCLR के कम होने से होम लोन सस्ता हो सकता है। एसबीआई ने एक साल के एमसीएलआर को 10 बेसिस प्वाइंट घटाकर 7.85 प्रतिशत से 7.75 फीसदी कर दिया है। चालू वित्त वर्ष में बैंक द्वारा एमसीएलआर में यह लगातार 10वीं कटौती है।












Click it and Unblock the Notifications