बैंक से 24 हजार रुपए निकालने की सीमा शर्त के साथ खत्म
भारतीय रिजर्व बैंक के अनुसार 10 नवंबर से 27 नवंबर तक कुल 8,44,982 करोड़ रुपए का ट्रांजैक्शन हुआ है।
नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक ने डेटा जारी किया है कि नोटबंदी की घोषणा के बाद से अब तक कितने रुपए जमा किए गए और कितने निकाले गए। भारतीय रिजर्व बैंक के अनुसार 10 नवंबर से 27 नवंबर तक कुल 8,44,982 करोड़ रुपए का ट्रांजैक्शन हुआ है।

इसमें 33,948 करोड़ रुपए लोगों ने एक्सचेंज कराए हैं, जबकि 8,11,033 करोड़ रुपए बैंकों में जमा किए गए हैं। वहीं दूसरी ओर, लोगों ने बैंक या एटीएम के जरिए अपने खातों से 2,16,617 करोड़ रुपए निकाले हैं।
पैसे निकालने की सीमा सशर्त खत्म
भारतीय रिजर्व बैंक ने पाया कि बहुत सारे लोग बैंकों में पैसे इसलिए नहीं जमा कर रहे हैं क्योंकि उसके बाद पैसे निकालने में उन्हें दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। दरअसल, पैसे निकलाने की अधितम सीमा 24 हजार रुपए है, जिसकी वजह से ये परेशानी हो रही है।
भारतीय रिजर्व बैंक ने एक सर्कुलर जारी करके कहा है कि 29 नवंबर से नई करंसी में जमा किए गए पैसों को निकालने की कोई सीमा नहीं होगी। अगर जमाकर्ता नई करंसी में पैसे जमा करता है, तो वह निर्धारित सीमा से अधिक पैसे निकाल सकता है।
9 नवंबर से हुई है नोटबंदी
8 नवंबर की शाम को पीएम मोदी ने घोषणा की थी कि 9 नवंबर से 500 और 1000 रुपए के सभी नोट अमान्य हो जाएंगे। इसके बाद से ही बैंकों और एटीएम पर लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं। लोगों की परेशानी को देखते हुए सरकार की तरह से कई राहत भी दी गई हैं।
मिली हैं ये राहतें
- पुराने 500 और 1000 रुपए के नोट बैंक और डाकघरों में जमा किए जा सकते हैं।
- पुराने 500 के नोट 15 दिसंबर तक पेट्रोल पंप, दवा की दुकानों, टोल टैक्स, पानी-बिजली का बिल जमा कराने में काम आ सकेंगे। साथ ही सरकारी स्कूल और कॉलेज में दो हजार तक की फीस पुराने 500 के नोटों में दे सकते हैं। इतना ही नहीं, प्री पेड मोबाइल वाले लोग अपने पुराने 500 के नोट से एक बार रिचार्ज करा पाएंगे।
- विदेशी नागरिक एक हफ्ते में 5000 रुपए तक बदलवा पाएंगे, जिसकी पासपोर्ट पर एंट्री भी होगी।
- टोल बूथ 2 दिसंबर तक टोल टैक्स फ्री रहेंगे, लेकिन उसके बाद टोल टैक्स लगेगा। हालांकि, 3 से 15 दिसंबर तक पुराने 500 रुपए के नोट से भुगतान किया जा सकेगा।












Click it and Unblock the Notifications