दिल्ली-NCR में 16 प्रतिशत बढ़ीं घर की कीमतें, टॉप-8 शहरों का क्या है हाल?
अगर आप दिल्ली-एनसीआर में घर लेने की योजना बना रहे, तो आपके लिए ये खबर अहम है। वहां पर घर की कीमतों में 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इसके पीछे की वजह मांग में तेजी और उच्च निर्माण लागत को बताया जा रहा।
रियल्टर्स की शीर्ष संस्था 'क्रेडाई', रियल एस्टेट कंसल्टेंट 'कोलियर्स' और डेटा एनालिटिक फर्म 'लियासेस फोरास' ने बुधवार को इसको लेकर एक विस्तृत रिपोर्ट जारी की। जिसमें कहा गया कि टॉप 8 शहरों में सबसे ज्यादा घरों की कीमतों में वृद्धि दिल्ली-एनसीआर में हुई है। वहां पर पिछली 11 तिमाहियों से लगातार वृद्धि देखी जा रही।

रिपोर्ट के मुताबिक द्वारका एक्सप्रेसवे में 59 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई। ये सेंट्रल पेरिफेरल रोड के खुलने और द्वारका एक्सप्रेसवे को NH-8 से जोड़ने वाले लूप के वजह से हुई। इसके बाद गुरुग्राम में 42 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहां के YoY गोल्फ कोर्स रोड में घरों के दाम तो दिल्ली-एनसीआर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए हैं।
इसके बाद कोलकाता और बेंगलुरु में क्रमश: 15 प्रतिशत और 14 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं अहमदाबाद में घरों की कीमत इस साल जनवरी-मार्च के दौरान 11 प्रतिशत बढ़कर 6,324 रुपये प्रति वर्ग फुट की औसत दर पर पहुंच गई। बेंगलुरु में कीमतें 14 फीसदी बढ़कर 8,748 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गईं, जबकि चेन्नई में 4 फीसदी की मामूली वृद्धि के साथ 7,395 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गई।
इसी तरह हैदराबाद में आवासीय संपत्तियों की कीमतें 13 प्रतिशत बढ़कर 10,410 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गईं। कोलकाता में घरों की कीमतें 15 प्रतिशत बढ़कर 7,211 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गईं। दिल्ली-एनसीआर में आवास की कीमतें 16 प्रतिशत बढ़कर 8,432 प्रति वर्ग फुट हो गईं।
वहीं पुणे में 11 प्रतिशत की वृद्धि के साथ घर की कीमतें 8,352 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गईं। हैरानी की बात ये है कि मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (एमएमआर) में कीमतें 2 फीसदी गिरी हैं। वहां पर 19,219 रुपये प्रति वर्ग फुट का रेट चल रहा।












Click it and Unblock the Notifications