जानिए, आज 'आधी रात' को ही क्यों लागू किया जा रहा है जीएसटी?
नई दिल्ली। जीएसटी पूरे देश में लागू होने में अब सिर्फ कुछ ही घंटों का वक्त बचा है। आज आधी रात को जीएसटी पूरे देश में लागू हो जाएगा। इसके लिए संसद के सेंट्रल हॉल में जीएसटी को लागू करने के लिए एक कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है। इस मेगा लॉन्च कार्यक्रम में देश के महानायक अमिताभ बच्चन भी शामिल होंगे। वहीं दिग्गज रतन टाटा भी इस कार्यक्रम में उपस्थित होंगे।

1947 से है आयोजन का खास नाता
1997 में आजादी की गोल्डन जुबली पर इसी तरह से आधी रात को कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। उसके बाद यह दूसरी बार है, जब आधी रात को संसद का स्पेशल सत्र बुलाया जाएगा और कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 15 अगस्त 1947 की आधी रात को मिली आजादी से जोड़ते हुए ही किया जा रहा है।

कौन-कौन होगा कार्यक्रम में?
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से पीएम मोदी और राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी उपस्थित रहेंगे। इनके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और एचडी देवेगौड़ा को भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में लोकसभा की स्पीकर सुमित्रा महाजन और वाइस प्रेजिडेंट हामिद अंसारी भी होंगे। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस, वामपंथी दल और तृणमूल कांग्रेस ने जीएसटी का विरोध किया है और इस कार्यक्रम में न आने का फैसला किया है।

कब शुरू होगा यह कार्यक्रम?
बताया जा रहा है कि जीएसटी को लागू करने का यह कार्यक्रम 30 जून, शुक्रवार को रात 11 बजे से शुरू होगा और देर रात तक चलेगा। इस कार्यक्रम में महान गायिका लता मंगेशकर, बीजेपी प्रेजिडेंट अमित शाह और पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा भी उपस्थित होंगे।












Click it and Unblock the Notifications