वित्त मंत्री जेटली ने गृहणियों को दी एक नेक सलाह
नोटबंदी के बाद टैक्स चोरी को लेकर सख्ती के मूड में दिख रही सरकार ने बैंक में कैश जमा करने पर गृहणियों को एक नेक सलाह दी है।
नई दिल्ली। नोटबंदी के बाद टैक्स चोरी को लेकर सख्ती के मूड में दिख रही सरकार ने बैंक में कैश जमा करने पर गृहणियों को जहां 2.5 लाख रुपए तक की छूट दी है, वहीं एक नेक सलाह भी दी है।

वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि गृहणियों को यह छूट दी गई है कि वे अपने खाते में 2.5 लाख रुपए तक जमा कर सकती हैं, जिसके लिए उनसे कोई पूछताछ नहीं होगी, इसपर सरकार कायम है।
जेटली ने कहा कि लेकिन अगर कोई महिला, कारीगर, श्रमिक या जन-धन खाता धारक अपने खाते में किसी दूसरे की रकम को जमा कराएंगे तो उनपर भी आयकर अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इसीलिए गृहणियों सहित इन लोगों को यह सख्त हिदायत दी जाती है कि वे अपने खातों में किसी भी दूसरे व्यक्ति का रुपया जमा ना कराएं। केवल अपनी जमा पूंजी ही अपने खाते में जमा कराएं।
वित्त मंत्रालय ने बयान जारी करते हुए कहा कि किसी और का रुपया अपने खाते में जमा करना भी आयकर अधिनियम के तहत आता है और इस पर अपने बैंक खाते में रुपया जमा करने वाले पुरुष या महिला पर कार्रवाई हो सकती है।
'काला धन वाले लोगों के बहकावे में न आएं'
वित्त मंत्रालय ने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी जो लोग अपना कालाधन छुपाने के लिए दूसरे लोगों के बैंक खातों का प्रयोग कर रहे हैं।
मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वो काले धन को बदलने वाले लोगों के बहकावे में न आएं और न ही इस अपराध में उन लोगों का साथ दें। लोगों से कहा गया है कि अपनी खुद की जमा-पूंजी करने वाले लोगों से सवाल-जवान नहीं पूछा जाएगा।
गौरतलब है कि 8 नवंबर की आधी रात के बाद यानी 9 नवंबर से ही मोदी सरकार ने 500 और 1000 रुपए के नोटों को बैन कर दिया है। इसके बदले सरकार ने फिलहाल 500 और 2000 रुपए के नए नोट जारी किए हैं।
सरकार ने यह कदम कालेधन पर लगाम लगाने के चलते उठाया है। सरकार के अनुसार इस कदम से आतंकवादियों और नक्सलियों को होने वाली फंडिंग पर भी रोक लगेगी।












Click it and Unblock the Notifications