Gold Silver Price: चांदी फिर अचानक 9000 हुई सस्ती, सोना भी लुढ़का, अब क्या है गोल्ड-सिल्वर का लेटेस्ट रेट
Gold Silver Price Today: सोना-चांदी के बाजार में इन दिनों ऐसा उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है कि निवेशक भी कन्फ्यूज हो गए हैं। जो लोग कुछ दिन पहले रिकॉर्ड ऊंचाई देखकर हैरान थे, वही अब अचानक आई गिरावट से चौंक गए हैं। इस हफ्ते की शुरुआत के पहले ही दिन सोमवार 16 फरवरी को कीमती धातुओं में एक बार फिर तेज गिरावट दर्ज की गई, खासकर चांदी के दाम ने सबको चौंका दिया।
चांदी में अचानक बड़ा झटका (Silver Price Crash)
चांदी की कीमतों में करीब 9000 रुपये की बड़ी गिरावट देखने को मिली। 16 फरवरी को दिन की शुरुआत में ही MCX पर एक किलो चांदी करीब 4 फीसदी टूटकर 2,35,208 रुपये तक आ गई। यह स्तर इसके ऑल टाइम हाई से लगभग 1.85 लाख रुपये नीचे है। हालांकि दिलचस्प बात यह रही कि जैसे ही भाव गिरे, बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी और शाम तक चांदी फिर संभलकर करीब 2,40,441 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई।

सोना भी हुआ सस्ता (Gold Price Today)
चांदी के साथ-साथ सोने के दाम भी दबाव में दिखे। सोमवार शाम करीब 6 बजे सोना 715 रुपये की गिरावट के साथ 1,55,180 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता नजर आया। दिन के दौरान सोने में एक फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई। गौर करने वाली बात यह है कि सोना अब अपने रिकॉर्ड हाई से करीब 40 हजार रुपये सस्ता हो चुका है।
रिकॉर्ड हाई से अब तक क्या बदला? (Gold Silver Trend)
अगर पिछले एक महीने का ट्रेंड देखें तो उतार-चढ़ाव काफी तेज रहा है। 29 जनवरी को चांदी 4,20,048 रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी, जबकि सोना उसी दिन 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम के शिखर पर था। इसके बाद मुनाफावसूली और बाजार की चाल ने दोनों धातुओं को नीचे खींच लिया। हालांकि हर बड़ी गिरावट पर खरीदारी का जोर यह बताता है कि निवेशकों का भरोसा अभी बना हुआ है।
दिल्ली सर्राफा बाजार का हाल (Delhi Gold Silver Rate)
दिल्ली के सर्राफा बाजार में भी मिला-जुला रुख देखने को मिला। सोमवार को चांदी की कीमत करीब 5000 रुपये घटकर 2.50 लाख रुपये प्रति किलो रह गई। वहीं दूसरी ओर सोना 700 रुपये महंगा होकर बंद हुआ। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के आंकड़ों के मुताबिक चांदी में करीब 2 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
एक साल में कितना फायदा मिला? (Gold Silver Return)
लंबी अवधि के निवेशकों के लिए तस्वीर अभी भी मजबूत दिखती है। फरवरी 2025 में सोने का भाव करीब 85 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम था, यानी एक साल में इसने लगभग 80 फीसदी का रिटर्न दिया। चांदी ने तो इससे भी आगे निकलते हुए करीब ढाई गुना रिटर्न दिया, क्योंकि एक साल पहले इसका भाव लगभग 1 लाख रुपये प्रति किलो था।
युवाओं में क्यों बढ़ रहा है क्रेज? (Youth Investing in Gold Silver)
अब सोना-चांदी सिर्फ पारंपरिक निवेश नहीं रह गए हैं। एक हालिया सर्वे बताता है कि करीब 62 फीसदी Gen Z और मिलेनियल्स आज भी सोने को सबसे सुरक्षित निवेश मानते हैं। खास बात यह है कि युवा अब छोटे-छोटे हिस्सों में निवेश कर रहे हैं। ज्यादातर लोग 5 ग्राम से कम सोना खरीद रहे हैं और फैसले खुद ले रहे हैं, परिवार के दबाव में नहीं।
अब सवाल यही है... आगे क्या?
जानकारों का मानना है कि मौजूदा गिरावट डरने की नहीं, बल्कि समझदारी से देखने की जरूरत है। बाजार में जब भी तेज गिरावट आती है, खरीदारी का दबाव भाव को फिर ऊपर ले जाता है। ऐसे में निवेश से पहले जल्दबाजी नहीं, बल्कि सही रणनीति और लंबे नजरिए से फैसला लेना ज्यादा समझदारी होगी। कुल मिलाकर, सोना-चांदी की चाल फिलहाल रोलर कोस्टर जैसी है। जो निवेशक इस उतार-चढ़ाव को समझकर चलते हैं, उनके लिए मौके अभी भी मौजूद हैं।
(नोट: सोना-चांदी खरीदने या निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें। ये लेख सिर्फ जानकारी मात्र के लिए लिखी गई है)












Click it and Unblock the Notifications