Elon Musk के वे ट्वीट, जिन्होंने क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में मचाई बड़ी हलचल
नई दिल्ली, 14 मई। एलन मस्क दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स है। टेक्नोलॉजी प्रेमी है, उद्यमी हैं। टेस्ला और स्पेसएक्स की स्थापना ने उन्हें पूरी दुनिया में शोहरत दिलाई है। उनकी नजर भविष्य पर होती है और इसके लिए नए प्रयोगों पर भरोसा करने और जोखिम उठाने को तैयार रहते हैं। आजकल वह अपने क्रिप्टोकरेंसी में दिलचस्पी के चलते खूब चर्चा में है। क्रिप्टोकरेंसी की दुनिया में मस्क ने साल 2021 में अपनी दिलचस्पी दिखाई और देखते ही देखते वह इसमें उतर गए। पिछले कुछ महीनों से एलन मस्क क्रिप्टोकरेंसी बाजार में काफी दखल रख रहे हैं। आलम यह है कि उनके ट्वीट से क्रिप्टोकरेंसी बाजार में हलचल बढ़ जाती है। आज हम उनके कुछ ऐसे ही ट्वीट के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्होंने क्रिप्टोकरेंसी बाजार पर जबरदस्त असर डाला है।

टेस्ला की बिटकॉइन पेमेंट पर रोक
एलन मस्क ने बिटकॉइन को लेकर ताजा ट्वीट 13 मई को ही किया था जिसमें उन्होंने टेस्ला कारों की खरीद पर बिटकॉइन में पेमेंट पर रोक लगाने की बात कही थी। मस्क ने इसके पीछे पर्यावरण को खतरे का हवाला दिया था क्योंकि बिटकॉइन की माइनिंग और इसके ट्रांजैक्शन में भारी मात्रा में ऊर्जा खर्च होती है। मस्क का इस ट्वीट का असर यह था कि अगले दो घंटे में बिटकॉइन की कीमत में 17 प्रतिशत की गिरावट आ गई थी और यह लंबे समय बाद यह 50 हजार डॉलर से नीचे पहुंच गई थी।
डोजकॉइन पर मस्क का पोल
क्रिप्टोकरेंसी का मजाक बनाने के लिए दो दोस्तों ने मिलकर डोजकॉइन शुरू की थी लेकिन देखते ही देखते यह खुद असली क्रिप्टोकरेंसी बन गई। एलन मस्क डोजकॉइन को लंबे समय से प्रमोट करते रहे हैं। 11 मई को एलन मस्क ने डोजकॉइन को लेकर एक पोल किया था। जिसमें उन्होंने पूछा था कि क्या टेस्ला को डोजकॉइन को पेमेंट सिस्टम के रूप में स्वीकार करना चाहिए। इस पर 78 प्रतिशत यूजर ने हां में जवाब दिया था। इस पोल में 39,22,516 लोगों ने हिस्सा लिया था। एलन मस्क लंबे समय से डोजकॉइन को सपोर्ट कर रहे हैं। यही वजह है कि यह डिजिटल टोकन 70 सेंटस को पार कर चुका है। इस टोकन को लेकर गूगल पर सवाल ट्रेंड करने लगा था "क्या डोजकॉइन अगला बिटकॉइन है?"
टेस्ला ने बेचा 10% बिटकॉइन
एलन मस्क ट्विटर पर खूब एक्टिव रहते हैं और वह उनसे पूछे जाने वाले सवालों के जवाब भी देते हैं। ऐसे ही 27 अप्रैल 2021 को उनसे एक यूजर ने उनसे पूछ लिया कि वह बिटकॉइन खरीदकर उसके दाम बढ़ा देते हैं और फिर बेचकर मुनाफा कमाते हैं। इस पर मस्क ने रिप्लाई करते हुए लिखा कि ऐसा नहीं है। मस्क ने बताया कि उन्होंने अपना एक भी बिटकॉइन नहीं बेचा है लेकिन टेस्ला ने अपना 10% हिस्सा बेचा है। बाद में टेस्ला ने भी बताया कि उसने अपनी तिमाही में बिटकॉइन को 10 प्रतिशत कम कर दिया है। साथ ही ये भी बताया कि इस बिक्री से 27.1 करोड़ डॉलर की कमाई की है।
जब टेस्ला के लिए बिटकॉइन पेमेंट का ऐलान
एलन मस्क ने बड़ा धमाका करते हुए मार्च में ऐलान किया था कि टेस्ला की कारों की खरीद पर कंपनी बिटकॉइन में पेमेंट स्वीकार करेगी। "अब आप बिटकॉइन से टेस्ला (वाहन) खरीद सकते हैं।" इसके साथ ही मस्क ने कहा कि "बिटकॉइन से खरीद के बाद यह बिटकॉइन के रूप में ही रहेगी। इसे प्रचलित करेंसी में नहीं बदला जाएगा।" एलन मस्क के इस ऐलान को क्रिप्टोमार्केट के लिए बहुत बड़ी घटना के तौर पर देखा गया था। इसने दूसरी कंपनियों को भी इस तरफ सोचने पर मजबूर किया है।
मस्क ने बदल दी बिटकॉइन की दुनिया
एलन मस्क ने जनवरी के आखिर में जब अपने ट्विटर बॉयो को बदलकर वहां क्रिप्टोकरेंसी लिख दिया था। इसके बाद बिटकॉइन में 20% की बढ़त देखी गई थी। लेकिन यह बिटकॉइन की बढ़त की शुरुआत थी। 8 फरवरी को मस्क की कंपनी टेस्ला ने घोषणा की कि उसने बिटकॉइन में 1.5 अरब डॉलर का निवेश किया है। इस खबर के बाद बिटकॉइन ने रॉकेट की रफ्तार पकड़ी और यह फरवरी में पहली बार 50 हजार डॉलर के पार करते हुए रिकॉर्ड 58 हजार डॉलर तक पहुंच गई। मस्क केवल बिटकॉइन पर ही नहीं रुके उन्होंने दूसरी क्रिप्टोकरेंसी को भी समर्थन दिया है।












Click it and Unblock the Notifications