एलन मस्क ने अब ट्विटर ब्लू टिक वालों की बढ़ाई टेंशन, हर महीने चार्ज कर सकते हैं 1600 रुपये
ट्विटर (Twitter) पर ब्लू टिक (Blue Tick) पाना अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है, लेकिन अब कंपनी अपने वेरिफिकेशन (Twitter Verification) प्रोसेस में बड़ा बदलाव कर रही। ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क (Elon Musk) ने रविवार को घोषणा करते हुए कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूजर वेरिफिकेशन प्रक्रिया में संशोधन करेगा। इसके अलावा जिनके पास ब्लू टिक है, उनके लिए एक बुरी खबर भी है, क्योंकि अब कंपनी उनसे पैसे वसूलने का प्लान बना रही है।
Recommended Video

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर के अधिग्रहण के बाद मस्क उसमें बड़े बदलाव कर रहे हैं। प्लान के मुताबिक ब्लू टिक वालों को ट्विटर ब्लू सब्सक्रिप्शन (Twitter Blue Subscription) लेना पड़ेगा, जिसके लिए उनसे 19.99 डॉलर प्रति महीने चार्ज किया जाएगा। भारत के हिसाब से ये राशि 1600 रुपये से ज्यादा होगी। इसके अलावा कई अन्य बदलाव भी होंगे, जिसके तहत यूजर्स ट्वीटर पर रेटिंग प्रदान करके साइट के नए वर्जन को चुन सकते हैं।
एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक ब्लू टिक सब्सक्रिप्शन लेने पर ट्विटर यूजर को नए फीचर्स देगा। अगर किसी यूजर का ब्लू टिक पहले से है, तो उसे 90 दिनों के अंदर ब्लू सब्सक्रिप्शन लेना होगा, नहीं तो उसकी प्रोफाइल से टिक हट जाएगा। ये पॉलिसी ट्विटर कर्मचारियों की भी मुश्किल बढ़ा रही है। रिपोर्ट में दावा किया गया कि जो ट्विटर कर्मचारी इस प्रोजेक्ट में लगाए गए हैं, अगर वो वक्त से काम पूरा नहीं करते, तो उनको नौकरी से निकाल दिया जाएगा।
होमपेज में भी बदलाव का प्लान
वहीं टेस्ला प्रमुख ने ट्विटर होमपेज को बदलने का फैसला किया है। जिसमें Twitter.com पर जाने वाले लॉग आउट यूजर्स को एक्सप्लोर पेज पर रीडायरेक्ट किया जाएगा, जो ट्रेंडिंग ट्वीट्स और न्यूज को दिखाता है। अभी तक लॉग आउट यूजर्स को सिर्फ साइन-अप/साइन इन का फॉर्म दिखता है। अगर वो लॉगइन नहीं करते तो उनको ज्यादा ट्वीट्स देखने में दिक्कत होती है।












Click it and Unblock the Notifications