ऑल टाइम हाई पर पहुंचकर नीचे उतरी बिटकॉइन, जानिए वीकेंड पर क्रिप्टो बाजार का हाल
नई दिल्ली, 24 अक्टूबर। क्रिप्टोकरेंसी बाजार आज रविवार यानि 24 अक्टूबर को ग्रीन और रेड में मिक्स कारोबार कर रहा है। ग्लोबल क्रिप्टोकरेंसी पिछले दिन के मुकाबले ऊपर चढ़कर 2.53 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंच गया है। टोटल क्रिप्टोकरेंसी मार्केट वॉल्यूम बीते 24 घंटे में 80.95 अरब डॉलर पर पहुंच गया है जो कि 17.48 प्रतिशत कम है। स्थिर सिक्कों की मात्रा 64.09 अरब डॉलर है जो कि 24 घंटे में कुल क्रिप्टो मात्रा का 79.17 प्रतिशत है।

दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन रविवार को दोपहल 2.45 बजे 61,023 डॉलर पर पहुंच गई है। लोकप्रिय डिजिटल टोकन पिछले दिन के मुकाबले 0.23 प्रतिशत ऊपर कारोबार कर रहा है। बिटकॉइन का प्रभुत्व 45.06 प्रतिशत है। बता दें कि इसी सप्ताह बिटकॉइन 66 हजार डॉलर को पार करते हुए ऑल टाइम हाई स्तर को छुआ था। बिटकॉइन की कीमत 66,976 डॉलर तक पहुंच गई थी जो कि पिछले सर्वोच्च स्तर 64,895 डॉलर से 2000 डॉलर ज्यादा है।
ईटीएफ की लॉन्चिंग ने बनाई बिटकॉइन रैली
बिटकॉइन की इस रैली के पीछे अमेरिकी बिटकॉइन फ्यूचर्स एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) की लॉन्चिंग को प्रमुख वजह बताया गया है। बिटकॉइन ईटीएफ को 19 अक्टूबर को लॉन्च किया गया था जो कि निवेशकों को बिटकॉइन के भविष्य के मूल्य पर सट्टा लगाने की अनुमति देता है। न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज पर ऐसा पहली बार हुआ है जब निवेशकों को बिटकॉइन से संबंधित संपत्ति का व्यापार करने की अनुमति मिली है। ईटीएफ की लॉन्चिंग को लेकर निवेशकों में पहले से ही काफी उत्साह बना हुआ था।
शीबा इनू ने भी बनाई बढ़त
बिटकॉइन के साथ ही दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी ईथर ने 24 घंटे में 2.16 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की है और यह रविवार को 4,099 डॉलर की कीमत पर पहुंच गई थी।
भारत के सबसे बड़े क्रिप्टो एक्सचेंज प्लेटफॉर्म वजीरएक्स पर मीम क्रिप्टोकरेंसी शीबा इनू वॉल्यूम के मामले में सबसे ऊपर है। यहां पर टीथर पहले और बिटकॉइन तीसरे नंबर पर है। शीबा इनू कुत्ते के ऊपर आधारित इस डिजिटल करेंसी को डोजकॉइन के बाद बनाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications