1 दिसंबर से बदल जाएंगे क्रेडिट कार्ड के नियम, इस्तेमाल से पहले जरूर पढ़ लें ये बदलाव
Credit Card Rule Change: क्रेडिट कार्ड उपयोगकर्ताओं के लिए 1 दिसंबर 2024 से कुछ नए नियम लागू किए जा रहे हैं, जो कई प्रमुख बैंकों और संस्थानों द्वारा पेश किए गए हैं। ये बदलाव कार्डधारकों के खर्च, रिवॉर्ड सिस्टम और चार्जेस को प्रभावित करेंगे। स्टेट बैंक से लेकर यस बैंक और अन्य बैंकों ने क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल से जुड़े नियमों को बदलने का फैसला लिया है।
बदले हुए नियम 1 दिसंबर 2024 से प्रभावी होंगे। ऐसे में अगर आप भी क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए इन नियमों का जानना आवश्यक है। हम आपके लिए इन तमाम क्रेडिट कार्ड के नियमों में होने वाले बदलाव की जानकारी सामने लेकर आए हैं।

1. एसबीआई कार्ड में बदलाव
डिजिटल गेमिंग पर रिवॉर्ड पॉइंट्स खत्म: SBI ने घोषणा की है कि 1 दिसंबर 2024 से उसके कई क्रेडिट कार्ड जैसे SimplySAVE UPI और SimplySAVE SBI Card पर डिजिटल गेमिंग से संबंधित लेनदेन पर रिवॉर्ड पॉइंट्स नहीं मिलेंगे।
यूटिलिटी बिल पेमेंट पर शुल्क की बात करें तो यदि आप एक स्टेटमेंट साइकिल में 50,000 रुपये से अधिक के यूटिलिटी बिल का भुगतान करते हैं, तो 1% अतिरिक्त चार्ज लागू होगा। हालांकि, इससे कम राशि के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
2. एचडीएफसी बैंक के कार्ड नियम
लाउंज एक्सेस में बदलाव: HDFC ने रेगलिया और मिलेनिया कार्ड धारकों के लिए लाउंज एक्सेस के नियम बदले हैं। अब, मुफ्त लाउंज एक्सेस पाने के लिए आपको एक तिमाही में 1 लाख रुपये का न्यूनतम खर्च करना होगा। इस खर्च को पूरा करने के बाद ही आपको वाउचर मिलेगा, जिसे लाउंज सुविधाओं के लिए उपयोग किया जा सकता है।
3. आईसीआईसीआई बैंक के नियम
ICICI बैंक ने सरकारी लेनदेन पर रिवॉर्ड पॉइंट्स खत्म कर दिए हैं। इसके अलावा, 1 लाख रुपये से अधिक के ईंधन खर्च पर अब सरचार्ज छूट नहीं मिलेगी। साथ ही लाउंज एक्सेस के लिए न्यूनतम खर्च को भी तय किया गया है। लाउंज सुविधा के लिए पिछली तिमाही में 35,000 रुपये का खर्च करना अनिवार्य होगा, जिसके बाद अगली तिमाही में लाउंज सुविधा का इस्तेमाल किया जा सकता है।
4. यस बैंक कार्ड के नियम
1 दिसंबर, 2024 से, फ्लाइट और होटल में ठहरने की बुकिंग के लिए उपयोग किए जा सकने वाले रिवॉर्ड पॉइंट की मात्रा पर एक सीमा होगी। विशेष रूप से कार्डधारक अपने यस रिवॉर्ड पॉइंट को अपने कुल बिल के 70% तक या अधिकतम मासिक सीमा तक कवर करने के लिए इस्तेमाल कर सकेंगे।
यस मार्की और यस रिजर्व कार्ड रखने वालों के लिए, 1 लाख रुपये का खर्च क्रमशः छह और तीन लाउंज विजिट के लिए पात्रता प्रदान करता है। यस फर्स्ट प्रेफ़र्ड और यस फर्स्ट बिज़नेस कार्ड के धारकों को दो लाउंज एंट्री के लिए 75,000 रुपये खर्च करने होंगे।
यस एलीट+, सिलेक्ट, BYOC, वेलनेस प्लस और यस प्रॉस्पेरिटी बिज़नेस कार्ड उपयोगकर्ताओं के लिए कार्ड के प्रकार के आधार पर एक या दो लाउंज विजिट के लिए 50,000 रुपये का खर्च आवश्यक है।
5. अन्य बदलाव
इसके साथ ही SBI सहित अन्य बैंकों ने फाइनेंस चार्ज को बढ़ाकर 3.75% कर दिया है। यह बदलाव अनसिक्योर्ड क्रेडिट कार्ड पर लागू होगा, जबकि डिफेंस कार्डधारकों को इससे छूट मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications