Content Creator Budget 2026: इंस्टा-यूट्यूब पर VIDEO बनाने वालों की मौज! बजट का ऐलान सुन हो जाएंगे खुश
Budget 2026 Orange Economy: अगर आप रील बनाते हैं, गेमिंग के शौकीन हैं या एनिमेशन की दुनिया में कुछ बड़ा करना चाहते हैं, तो समझ लीजिए कि बजट 2026 आपके लिए लॉटरी लेकर आया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस बार 'ऑरेंज इकोनॉमी' का नारा दिया है।
सीधा मतलब ये कि अब आपकी क्रिएटिविटी सिर्फ शौक नहीं, बल्कि देश की तरक्की का बड़ा इंजन बनेगी। सरकार अब इसे 'टाइमपास' नहीं, बल्कि लाखों नौकरियां देने वाला सॉलिड बिजनेस मान रही है।

स्कूल-कॉलेज में ही बनेंगे 'डिजिटल उस्ताद'
वित्त मंत्री ने जानकारी दी कि भारत का AVCG सेक्टर तेजी से बढ़ रहा है और 2030 तक इसमें लगभग 20 लाख पेशेवरों की आवश्यकता होगी। इस मांग को पूरा करने के लिए 'इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज, मुंबई' के सहयोग से देश भर के 15,000 माध्यमिक स्कूलों और 500 कॉलेजों में 'AVCG कंटेंट क्रिएटर लैब्स' स्थापित करने का प्रस्ताव दिया गया है। यानी अब क्लासरूम में ही आपको वो सब सीखने को मिलेगा, जिससे आप दुनिया भर में अपनी धाक जमा सकें।
लाइव शो और कंसर्ट्स का बढ़ेगा क्रेज
क्या आपने गौर किया है कि आजकल बड़े सिंगर्स और कलाकारों के शो के लिए लोग पागलों की तरह टिकट बुक करते हैं? बजट में इसे 'कंसर्ट इकोनॉमी' का नाम दिया गया है। सरकार का मानना है कि जब एक बड़ा शो होता है, तो सिर्फ टिकट नहीं बिकते, बल्कि होटल, टैक्सी, खाने-पीने की दुकानों और सिक्योरिटी वालों की भी तगड़ी कमाई होती है। इसे बढ़ावा देने के लिए अब ऐतिहासिक स्मारकों (Monuments) में भी चुनिंदा शो हो सकेंगे और विदेशी कलाकारों का भारत आना आसान बनाया जाएगा।
कागजी कार्रवाई का झंझट होगा खत्म
अभी कोई इवेंट या शो करना हो, तो 10-15 जगह से परमिशन लेनी पड़ती है। इस सिरदर्द को खत्म करने के लिए सरकार 'सिंगल विंडो' सिस्टम ला रही है। यानी एक जगह अप्लाई करो और फटाफट क्लीयरेंस पाओ। इससे छोटे और बड़े हर तरह के क्रिएटर्स के लिए काम करना आसान हो जाएगा।
क्यों कहा जा रहा है इसे 'ऑरेंज इकोनॉमी'?
'ऑरेंज इकोनॉमी' का मतलब है ऐसी अर्थव्यवस्था जो आपके दिमाग की उपज, कला और संस्कृति पर टिकी हो। इसमें कुछ फैक्ट्री में नहीं बनता, बल्कि आपके आइडिया से वैल्यू पैदा होती है। सरकार चाहती है कि भारत का युवा सिर्फ वीडियो देखे नहीं, बल्कि ऐसा कंटेंट बनाए जिसे पूरी दुनिया देखे और जिससे देश में पैसा और रोजगार दोनों आएं।












Click it and Unblock the Notifications