Budget 2019: गाय पालने वालों को मिलेंगे हर महीने 500 रुपए, मोदी सरकार का बड़ा ऐलान
पीयूष गोयल ने लोकसभा में बजट पेश करते हुए कहा कि गऊ माता के सम्मान में ये सरकार कभी पीछे नहीं हटेगी।
नई दिल्ली। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने 2019 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पेश किए गए अपने अंतरिम बजट में लोकलुभावन घोषणाओं का पिटारा खोल दिया है। जैसे कि कयास लगाए जा रहे थे, चुनावी साल में मोदी सरकार ने हर वर्ग को खुश करने के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। इस दौरान राष्ट्रीय गोकुल मिशन के लिए भी सरकार ने आवंटित फंड में बढोत्तरी की। अरुण जेटली की अनुपस्थिति में अतिरिक्त तौर पर वित्त मंत्रालय का प्रभार संभाल रहे केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने लोकसभा में बजट पेश करते हुए कहा कि गऊ माता के सम्मान में ये सरकार कभी पीछे नहीं हटेगी।

'गऊ माता के सम्मान में पीछे नहीं हटेंगे'
लोकसभा में शुक्रवार को अंतरिम बजट पेश करते हुए पीयूष गोयल ने कहा, 'हमारी सरकार हमेशा गायों की रक्षा के लिए काम करेगी और इस साल राष्ट्रीय गोकुल मिशन के लिए आवंटित राशि को बढ़ाकर 750 करोड़ रुपये कर दिया गया है। गऊ माता के सम्मान में ये सरकार कभी पीछे नहीं हटेगी। सरकार पशुपालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसान क्रेडिट कार्ड प्रदान करेगी, जिसमें गाय पालने वालों को हर महीने 500 रुपए दिए जाएंगे। अंतरिम बजट में पशुपालन और मत्स्य पालन करने वाले किसानों के लिए आर्थिक सहायता पर 2% ब्याज की छूट प्रदान करने का भी प्रस्ताव रखा गया है। इसके अतिरिक्त मत्स्य पालन के लिए एक अलग विभाग बनाया जाएगा।'

बजट में किए गए ये बड़े ऐलान
आपको बता दें कि पीयूष गोयल ने बजट पेश करते हुए कई बड़े ऐलान किए। पीयूष गोयल ने बजट में मध्यम वर्ग को राहते देते ऐलान किया कि 5 लाख रुपए तक की वार्षिक आय वाले व्यक्तिगत करदाताओं को टैक्स में पूरी छूट मिलेगी। पीयूष गोयल ने कहा कि निर्धारित इक्विटीज और भविष्य निधि में निवेश करने वाले 6.5 लाख रुपए तक की सकल आय वाले व्यक्तियों को कोई टैक्स देने की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं छोटे किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का भी ऐलान किया गया। इस योजना के तहत 2 हेक्टेयर की जमीन वाले किसानों को हर साल उनके खाते में 6 हजार रुपए दिए जाएंगे। मजदूरों के लिए प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना का ऐलान करते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि मजदूरों को 7 हजार रुपए का बोनस और मृत्यु पर 6 लाख का मुआवजा दिया जाएगा।

'वोट ऑन अकाउंट' नहीं 'अकाउंट फॉर वोट्स'
वहीं, बजट को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए यूपीए सरकार में वित्त मंत्री रहे चिदंबरम ने कहा, 'इस बजट में गरीबों के हित के लिए कांग्रेस की सोच को कॉपी किया गया है। यह एक अंतरिम बजट नहीं था, बल्कि चुनाव प्रचार भाषण के साथ एक पूर्ण बजट था। बजट को लेकर एक लाइन में अगर मैं अपनी बात कहूं तो यह 'वोट ऑन अकाउंट' नहीं है बल्कि 'अकाउंट फॉर वोट्स' है।' इसके अलावा वित्त मंत्री अरुण जेटली की अनुपस्थिति में पीयूष गोयल द्वारा पेश किए बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, 'इस बजट में हमने एक अच्छी चीज देखी है और वो है मध्यम वर्ग के लिए कर में छूट। किसानों के लिए 6000 रुपए इनकम सपोर्ट यानी हर महीने 500 रुपए दिए गए हैं, क्या यह मान-सम्मान से जीने के लिए काफी है?'












Click it and Unblock the Notifications