बिटकॉइन और ईथर की कीमतों में गिरावट, क्या सरकार की सख्ती को लेकर डरा क्रिप्टो बाजार ?
नई दिल्ली, 16 नवम्बर। सरकार के क्रिप्टोकरेंसी को नियंत्रण में लेने की तैयारी की खबरों के बीच मंगलवार को अधिकांश क्रिप्टोकरेंसी की कीमतों में गिरावट देखी गई है। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी 60000 डॉलर के करीब पहुंच गई है जबकि दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी ईथर की कीमत नीचे होकर इस महीने के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गई है।

शीर्ष में शामिल 10 डिजिटल टोकन में से 8 मंगलवार को सुबह पिछले दिन के मुकाबले नीचे कारोबार कर रहे थे। टॉप-10 में शामिल पोलकाडॉट 11 प्रतिशत नीचे गिर गई जबकि बिटकॉइन और ईथर में 7 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई।
कॉइनगेको के मुताबिक सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन सिंगापुर के बाजार में दोपहर 1.32 बजे तक 4% गिरकर लगभग $61,400 पर थी। दूसरे स्थान पर मौजूद ईथर 6.8% तक लुढ़क गया। वैश्विक क्रिप्टो मार्केट कैप पिछले 24 घंटों में लगभग 7% गिरकर 2.8 ट्रिलियन डॉलर हो गया है।
बिटकॉइन इस साल दो गुने से अधिक बढ़ गई है जबकि ईथर लगभग छह गुना बढ़ गया है। क्रिप्टोकरेंसी की मजबूत रैली के बीच पिछले सप्ताह ही बिटकॉइन और ईथर रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंची थी। बेहद अस्थिर समझी जाने वाली डिजिटल संपत्ति में मजबूत दौड़ के साथ ठहराव भी देखा गया था।
चीन में भी सख्ती
एक तरफ जहां भारत सरकार ने क्रिप्टोकरेंसी को नियंत्रण में लेने की तैयारी तेज कर दी है वहीं पड़ोसी देश चीन ने एक बार फिर से क्रिप्टोकरेंसी माइनिंग के खिलाफ अपने रुख को स्पष्ट करते हुए सख्त आदेश दिया है। चीन ने सरकार के स्वामित्व वाले उद्यमों को चेतावनी जारी करते हुए उन्हें बिटकॉइन जैसी क्रिप्टोकरेंसी की माइनिंग को रोकने के लिए कहा है और इस अभ्यास को जारी रखने वालों के खिलाफ कड़े कदम उठाने का संकेत दिया है।
बता दें कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्रिप्टोकरेंसी को लेकर बैठक की थी जिसमें क्रिप्टोकरेंसी को नियंत्रण में लाने पर सहमति बनी थी। सरकार का मानना है कि क्रिप्टोकरेंसी को रोका नहीं जा सकता है लेकिन इस पर नियंत्रण जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications