बिटकॉइन 40000 डॉलर के नीचे लेकिन इन क्रिप्टोकरेंसी ने देखी अच्छी बढ़त
नई दिल्ली, 21 फरवरी। सोमवार को क्रिप्टोकरेंसी बाजार के अधिकांश बड़े टोकन ग्रीन में कारोबार कर रहे थे। वहीं मार्केट कैप के हिसाब से दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन 40,000 डॉलर के स्तर से नीचे कारोबार कर रही थी। दोपहर दो बजे बिटकॉइन 2 प्रतिशत बढ़कर 39,256 डॉलर पर कारोबार कर रही थी।

कॉइन मार्केट कैप के मुताबिक बिटकॉइन का मार्केट कैप 739.7 अरब डॉलर पर था, जबकि ट्रेडिंग वॉल्यूम बीते 24 घंटे में 20 अरब डॉलर से अधिक था। पिछले सात दिनों में क्रिप्टोकरेंसी में लगभग 7% की गिरावट आई है। बिटकॉइन ने पिछले एक साल में भारी उतार चढ़ाव देखा है और यह 69000 डॉलर से लेकर 33,000 डॉलर के बीच झूलती रही है।
वहीं दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी एथेरियम ब्लॉकचेन की ईथर 2741 डॉलर पर सपाट कारोबार कर रही थी। पिछले सात दिनों में ईथर ने करीब 5 फीसदी की गिरावट देखी है। हालांकि पिछले 24 घंटे में यह 4 प्रतिशत से ज्यादा ऊपर आई है।
कार्डानो 4.07 प्रतिशत वृद्धि के साथ 0.972 डॉलर पर रही तो टीथर ने बिना किसी वृद्धि के 1 डॉलर पर कारोबार किया। टेरा ने 8.93 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की और यह 51.89 डॉलर पर कारोबार कर रही थी। सोलाना ने 10.34 प्रतिशत की शानदार बढ़त देखी है और यह 95.08 डॉलर पर कारोबार कर रही थी।
क्रिप्टो रणनीतिकार और मुंद्रेक्स के सीईओ एवं सह-संस्थापक एडुल पटेल ने कहा "बाजार में पिछले एक महीने से भारी बिकवाली का दबाव देखा जा रहा है। यह स्थिति मुद्रास्फीति के साथ-साथ रूस और यूक्रेन के बीच जारी तनाव के कारण हो सकता है। गिरावट का रुख कुछ और दिनों तक जारी रहने की संभावना है। आने वाला हफ्ता पूरे क्रिप्टो स्पेक्ट्रम के लिए महत्वपूर्ण होगा।"












Click it and Unblock the Notifications