मई की गिरावट के बाद से बिटकॉइन सर्वोच्च स्तर पर, ईथर 3000 डॉलर के पार
नई दिल्ली, 7 अगस्त। क्रिप्टोकरेंसी बाजार ने शनिवार 7 अगस्त को एक बार फिर ग्रीन में कारोबार किया है। ग्लोबल क्रिप्टोकरेंसी मार्केट कैप 1.75 ट्रिलियन डॉलर हो गया है। पिछले 24 घंटे में इसमें 4.94 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वहीं पिछले 24 घंटे में क्रिप्टोकरेंसी की कुल मात्रा 99.78 अरब डॉलर हुई है।

शनिवार को दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन ने 4.1 प्रतिशत की उछाल भरी और यह 44,463 डॉलर पर कारोबार कर रही थी जो 18 मई के बाद से इसका उच्चतम स्तर है। वहीं एथेरियम नेटवर्क के लंदन अपग्रेड के बीच चौथे दिन ईथर की कीमत 6.9 प्रतिशत बढ़ गई और यह 3145 डॉलर पर पहुंच गया। ईथर में ये वृद्धि ऐसे समय हुई है जब माना जा रहा था कि सॉफ्टवेयर अपडेट के बाद इसकी वृद्धि में कमी आ सकती है।
क्रिप्टो मार्केट में उत्साह जारी
हाल के महीनों में रिकॉर्ड ऊंचाई से काफी नीचे फिसलने के बाद क्रिप्टोकरेंसी बाजार ने फिर से उत्साह दिखाया है। मई में चीन की कार्रवाई औऱ बिटकॉइन के ऊर्जा उपयोग के बारे में चिंता जताने के बाद यह तेजी से फिसली थी। अप्रैल में 64895 डॉलर पर कारोबार करने वाली बिटकॉइन जुलाई में 30,000 डॉलर के करीब पहुंच गई थी। हालाँकि, बिटकॉइन अपने 50-दिवसीय मूविंग एवरेज के करीब पहुंच रहा है। यह एक ऐसा निशान है जिसे 26 मई के बाद से छुआ नहीं गया है। वहीं ईथर फिर से 3,000 से अधिक पर पहुंच गया है। दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी ने इसके पहले 4000 डॉलर का आंकड़ा पार किया था।
पोलकाडॉट में सबसे ज्यादा तेजी
बाजार की एक प्रमुख वर्जुअल करेंसी बिनांस ने पिछले 24 घंटे में 2.76 डॉलर की वृद्धि देखी है और यह 346 डॉलर पर पहुंच गई। वहीं 3.6 प्रतिशत की बढ़त के साथ यूनिस्वैप 26.40 डॉलर पर कारोबार किया।
7 अगस्त को सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज करने वाली डिजिटल करेंसी पोलकाडॉट रही जिसने 24 घंटे में 9.08 प्रतिशत का उछाल देखा और शनिवार सुबह यह 24.48 डॉलर पर कारोबार कर रही थी।












Click it and Unblock the Notifications