कोरोना काल में आम आदमी को लगेगा जोरदार झटका, इस वजह से आपकी जेब पर बढ़ सकता है बोझ
नई दिल्ली। सोने-चांदी की कीमत आज अपने अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। वहीं पेट्रोल-डीजल की कीमत में भी लगातार तेजी देखने को मिल रही है। न केवल ये चीजों बल्कि जल्द ही आपको महंगाई रुलाने वाली है। आपकी जेब पर बोझ बढ़ने वाला है। आप पर महंगाई की मार पड़ने वाली है। पेट्रोल-डीजल की कीमत में बढ़ोतरी के कारण अब माल-भाड़े में 20 फीसदी तक की बढ़ोतरी हो सकती है। अगर ट्रक के माल-भाड़े में बढ़ोतरी होती है तो आम जनता पर महंगाई की मार पड़नी तय है।
आने वाले दिनों में आपको महंगाई की मार के लिए तैयार होना पड़ सकता है। दाल-सब्जी के अलावा रोजमर्रा की चीजें महंगी हो सकती है। ट्रक परिचालकों के यूनियन का कहना है कि अगर पेट्रोल-डीजल के दामों में इसी तरह से तेजी का दौर जारी रहा तो माल-भाड़े में 20 फीसदी बढ़ोतरी करनी पड़ सकती है। ऑल इंडिया मोटर्स ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के कोर कमेटी के अध्यक्ष बाल मलकीत सिंह ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को जानकारी दी कि बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दामों के चलते उनके पास माल-भाड़े में बढ़ोतरी के अलावा दूसरा कोई चारा नहीं है।
बिगड़ेगा
आपके
घर
का
बजट
माल भाड़े में अगर बढ़ोतरी होती है तो आपके घर का बजट बिगड़ सकता है। आपकी रोजमर्रा की चीजों के दाम बढ़ जाएंगे। फल, सब्जी, खाने-पीने की चीजें महंगी हो जाएंगी। इस बढ़ोतरी का असर एफएमसीजी कंपनियों पर पड़ेगा। उस पर दबाव बढ़ेगी तो वो जरूरी चीजों के दाम बढ़ाकर इस दवाब का कम करेंगे और इसका असर आम जनता पर होगा। वहीं किसानों को अपने फसल और फल-सब्जियों को मंडी तक पहुंचाने में खर्च बढ़ेगा तो सब्जी-फल और अनाज महंगी होगी। पिछले कुछ दिनों ने इसका असर देखने को मिल भी रहा है। राजधानी दिल्ली और उससे सटे इलाकों में टमाटर की कीमत 80 से 100 रुपए किलो तक पहुंच गई है। आलू की कीमतों में इजाफा हो रहा है।