बैंक ऑफ बड़ौदा ने दिया होली गिफ्ट! होम लोन पर घटाईं ब्याज दरें, ऐसे ले सकते हैं फायदा
बैंक ऑफ बड़ौदा ने होम लोन पर ब्याज दरें कम कर दी है। इससे बैंक के लाखों ग्राहकों को सीधा फायदा होने वाला है।

सार्वजनिक क्षेत्र का बड़ा वित्तीय संस्थान बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपने ग्राहकों को होली का तोहफा दिया है। बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपने लाखों ग्राहकों को राहत देते हुए होम लोन पर ब्याज दरें कम कर दी हैं। बैंक ऑफ बड़ौदा ने होम लोन पर ब्याज दरों में 40 आधार अंकों (बीपीएस) की कटौती कर 8.50 प्रतिशत करने की घोषणा की। इसके साथ-साथ बैंक ने एमएसएमई लोन के लिए भी दरों को कम किया है।

इतनी की गई कटौती
बैंक द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, होम लोन की ब्याज दरों में 40 बेसिस प्वाइंट यानी 0.40 फीसदी की कटौती की गई है। बैंक द्वारा की गई इस कटौती के बाद होम लोन पर ब्याज दर कम होकर 8.5 फीसदी हो गई है। यह ब्याज दर इससे पहले तक 8.9 फीसदी थी। बैंक का दावा है कि यह ब्याज दर इंडस्ट्री में सबसे कम है। बैंक के ब्याज दर घटाने के फैसले से होम लोने धारकों को बड़ी राहत मिली है।

ये ऑफर है सीमित समय के लिए
हालांकि बैंक ऑफ बड़ौदा का ये ऑफर सीमित समय के लिए ही उपलब्ध है। बैंक के अनुसार होम लोन वाले ग्राहकों को 5 मार्च 2023 से 31 मार्च 2023 तक घटी हुई ब्याज दरों का फायदा मिलेगा। वहीं, बैंक ने होम लोन की प्रॉसेसिंग फीस में पूरी छूट देने का भी जबरदस्त ऑफर अपने ग्राहकों को दिया है। बैंक ने दावा किया कि यह उद्योग में सबसे कम और सबसे प्रतिस्पर्धी ब्याज दरें हैं।

प्रॉसेसिंग फीस भी नहीं देनी होगी
इसके साथ ही बैंक ऑफ बड़ौदा ने एमएसएमई लोन में प्रॉसेसिंग फीस पर 50 प्रतिशत की छूट दे रहा है। बैंक ऑफ बड़ौदा के अनुसार एमएसएमई के तहत लोन के लिए आवेदन करने वालों को भी होली त्योहार पर प्रॉसेसिंग फीस 50 फीसदी छूट का फायदा मिलेगा। आपको बता दें कि, केंद्र सरकार मध्यम और लुघु कारोबारियों को व्यापार में मदद करने के लिए एमएसएमई लोन की सुविधा दे रही है। ताकि उन्हें व्यापार में आसानी हो।

बैंक ऑफ बड़ौदा होम लोन रेट 2023: कौन आवेदन कर सकता है?
इन घटाई गईं दरों का लाभ नया होम लोन लेने वालों के साथ ही लोन ट्रांसफर कराने वालों और घरों की मरम्मत कराने के लिए लोन लेने वाले ग्राहकों को भी मिलेगा। बैंक ने होम लोन के लिए एप्लाई करने की प्रक्रिया को बहुत आसान रखा है। ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ ले सकें। अब ग्राहक डिजिटल माध्यम से होम लोन के लिए एप्लाई कर सकते हैं। बैंक का दावा है कि वह 30 मिनट में लोन अप्रूव कर देता है। आवेदक पूरे भारत में बैंक ऑफ बड़ौदा की किसी भी शाखा में जाकर भी ऋण के लिए आवेदन कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications