Apple Store In India: जानिए क्यों खास है एप्पल स्टोर, मिलती हैं ये तमाम सुविधाएं
Apple Store In India: आखिर क्यों भारत में पहले एप्पल स्टोर की इतनी चर्चा हो रही है। जब पहले से ही कंपनी के अधिकृत स्टोर हैं तो इस स्टोर का क्या फायदा। जानिए ऐसे ही सवालों के जवाब

Apple Store In India: भारत में एप्पल ने अपना पहला स्टोर खोल दिया है। मुंबई के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर स्थित बीकेसी में एप्पल ने अपना पहला एप्पल स्टोर खोला है। कंपनी ने अपना दूसरा एप्पल स्टोर दिल्ली के साकेत में खोला है। दोनों ही स्टोर के उद्घाटन के मौके पर कंपनी के सीईओ टिम कुक मौजूद थे।
आपके मन में यह सवाल जरूर खड़ा हो रहा होगा कि एप्पल के फोन तो आप एप्पल के अधिकृत स्टोर से भी खरीद सकते हैं, दूसरे स्टोर और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से भी खरीद सकते हैं। ऐसे में एप्पल स्टोर में क्या अलग है, आखिर क्यों इसकी इतनी चर्चा हो रही है।
सभी मॉडल, कलर, एक्सेसरीज उपलब्ध
एप्पल स्टोर की खासियत की बात करें तो यहां कंपनी के सभी फोन, मैकबुक, आईपैड, आई वॉच से लेकर सभी एक्सेसरीज की पूरी रेंज उपलब्ध होती है। हर उत्पाद के सभी मॉडल, सभी एक्सेसरीज, सभी रंग के विकल्प यहां मौजूद होते हैं। यह सामान्य स्टोर में यह संभव नहीं होता है। सामान्य स्टोर पर कंपनी के सभी फोन और उसके मॉडल और अन्य सभी उत्पाद नहीं उपलब्ध होते हैं।

खुद कर सकते हैं अनुभव
सवाल यह भी उठता है कि जब आप ऑनलाइन एप्पल का कोई भी प्रोडक्ट खरीद सकते हैं तो इस स्टोर की क्या जरूरत है। दरअसल एप्पल स्टोर की खासियत यह है कि यहां आप हर उत्पाद को खरीदने से पहले उसका अनुभव कर सकते हैं। इसके ऑपरेशन को सीख सकते हैं, इससे जुड़े सवाल पूछ सकते हैं। यही नहीं यहां कंपनी के एक्सपर्ट आपको हर तरह की तकनीकी जानकारी देते हैं।
प्रोडक्ट को इस्तेमाल करना सिखाया जाता है
मुंबई के एप्पल स्टोर की बात करें तो यहां आईपैड की पूरी रेंज मौजूद है। कंपनी की वेबसाइट पर जो भी आधिकारिक उत्पाद हैं, वह आप इस स्टोर में देख सकते हैं। मुंबई के स्टोर में आपको अपने उत्पाद को और बेहतर तरह से इस्तेमाल करना सिखाया जाता है।
कोई आप से पूछने नहीं आता है
एप्पल स्टोर की खास बात यह है कि आप जब यहां आते हैं तो कोई भी आपसे यह पूछने के लिए नहीं आता है कि आपको कौन सा फोन चाहिए, कौन सा मैक चाहिए। ऐसे में आप यहां आ सकते हैं और हर उत्पाद का नजदीक से अनुभव कर सकते हैं। जब आपका मन करे तब आप किसी भी उत्पाद को खरीदने का फैसला ले सकते हैं।

100 कर्मचारी, 20 भाषाएं जानते हैं
यह स्टोर पूरी तरह से फॉसिल फ्यूल मुक्त है। इस स्टोर को सोलर एनर्जी से चलाया जाएगा। इस स्टोर में कुल 100 कर्मचारी हैं, जो 20 भाषाओं में बात कर सकते हैं।
Recommended Video
कोई बिलिंग काउंटर, लाइन नहीं
ऐप्पल के स्टोर पर आपके सभी तकनीकी सवालों के जवाब दिए जाते हैं जिससे आप उत्पाद को खरीदने का सही फैसला ले सके। इसके साथ ही एक खासियत एप्पल स्टोर की यह भी है कि यहां पर किसी भी तरह का कोई सेल या बिलिंग काउंटर नहीं होता है जहां लोगों को लाइन में लगना पड़े। आप जहां हैं वहीं पर जीनियस आपका बिल जेनरेट करते हैं। एप्पल स्टोर पर फोन की तकनीकी दिक्कतों को दूर करने वालों को जीनियस कहा जाता है।
प्रोडेक्ट एक्सचेंज भी कर सकते हैं
अगर आप एप्पल का कोई उत्पाद इस्तेमाल करते हैं और उसे बदलकर दूसरा प्रोडक्ट लेना चाहते हैं तो आप इस स्टोर में जा सकते हैं। आपके पुराने फोन या दूसरे उत्पाद की एक्सचेंज वैल्यू तय की जाएगी और आपको क्रेडिट स्कोर दे दिया जाएगा। जिसे आप दूसरे प्रोडक्ट को खरीदने में इस्तेमाल कर सकते हैं।
ऑनलाइन ऑर्डर के बाद कलेक्ट कर सकते हैं
आप ऑनलाइन ऑर्डर करके इस स्टोर से कलेक्ट कर सकते हैं। आप अपने चाहने वालों को एप्पल का गिफ्ट कार्ड दे सकते हैं, जिसका इस्तेमाल करके आपके करीबी कोई भी उत्पाद इस स्टोर से खरीद सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications