चार महीने में ही दोगुनी से भी ज्यादा हुई अंबानी की संपत्ति, अमीरों की लिस्ट में 21 से 5वें स्थान पर पहुंचे
नई

मुकेश अंबानी बने दुनिया के पांचवें सबसे अमीर
बुधवार को फोर्ब्स की ओर से जारी अरबपतियों की सूची में रिलायंस के प्रमुख मुकेश अंबानी को विश्व के अरबपतियों में पांचवा स्थान दिया गया है। आज की तारीख में 63 साल के अंबानी 74.6 अरब अमेरिकी डॉलर के मालिक बन गए हैं, इस तरह से उन्होंने बर्कशायर हैथवे के सीईओ वॉरेन बफे को पीछे छोड़ दिया है। गौरतलब है कि मार्च में उनके पास महज 36.8 अरब डॉलर की ही संपत्ति थी। फोर्ब्स के मुताबिक इस वक्त बफे की कुल संपत्ति 72.7 अरब डॉलर की बताई गई है। बता दें कि मार्च में निम्नतम स्तर देखने के बाद अंबानी ने अपने डिजिटल बिजनेस के लिए कई बड़ी डील की है, जिससे उनकी कंपनियों के समूह के शेयर दोगुने से भी ज्यादा हो चुके हैं। इसकी वजह ये रही कि मार्च के बाद रिलायंस के जियो प्लेटफॉर्म में 15 अरब डॉलर से ज्यादा का निवेश हुआ और फेसबुक और सिल्वर लेक जैसी कंपनियों ने उसमें पैसे लगाए हैं।

14 जुलाई को छठे स्थान पर थे अंबानी
अंबानी के लिए पिछले हफ्ते हुआ एक करार बहुत ही फायदे का सौदा साबित हुआ जब गूगल उनके जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड में 4.5 अरब डॉलर की हिस्सेदारी खरीदने के लिए तैयार हो गया। इसके कारण उनके ऑनलाइन वेंचर में अमेरिकी निवेशों का तांता लग गया, जिसके भारत में करीब 40 करोड़ यूजर्स हैं। करार के तहत गूगल सर्च इंजिन इसके तेजी से फैलते इंटरनेट के जाल में 337.4 अरब रुपयों में 7.7 फीसदी की हिस्सेदारी खरीदेगा। इससे पहले अंबानी पिछले 14 जुलाई को दुनिया के छठे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए थे। इस समय रिलायंस का शेयर 2,000 रुपये से ऊपर का कारोबार कर रहा है। कंपनी का मार्केट कैपिटल भी 12,70,480 करोड़ रुपये से ज्यादा का हो चुका है।

लॉकडाउन में भी भर गया अंबानी का खजाना
इस वक्त जो अमीर अंबानी से भी आगे हैं उनमें फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग का नाम पहला है, जो अमीरों की लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं और उनकी संपत्ति 89 अरब डॉलर की है। तीसरे पर 111.8 अरब डॉलर के साथ लग्जरी ब्रैंड LVMH के चेयरपर्सन बर्नार्ड अरनॉल्ट और उनका परिवार है। दूसरे नंबर पर माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स हैं, जिनके पास 113.1 अरब डॉलर की संपत्ति है और अमीरों की लिस्ट में टॉप पर हैं, अमेजॉन के चीफ जेफ बेजोस जिनके पास दुनिया में सबसे ज्यादा यानि 185.8 अरब डॉलर की संपत्ति है। पिछले तीन महीनों में अंबानी के खजानों में जिस तरह से धन का अंबार लगा है, उससे लगता है आने वाले दिनों में वो कुछ और अमीरों को भी पीछे छोड़ देने का माद्दा रखते हैं।












Click it and Unblock the Notifications