झारखंड की नाबलिग किशोरी को बेचने के लिए लाए बुलंदशहर, पुलिस ने ऐसे पकड़ा
बुलंदशहर। झारखंड के रांची जिले से एक किशोरी को बेचने के लिए बुलंदशहर लाए गैंग का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। बुलंदशहर पुलिस ने दो महिलाओं समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी की मानें तो कलावती नाम की महिला किशोरी को उसकी सौतेली मां से खरीद कर लाई थी और शादी कराने के नाम पर उसका सौदा कराया जा रहा था। फिलहाल किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज गया है।
बुलंदशहर एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मुखबिर ने सूचना दी कि ग्राम नौरंगाबाद में रांची से एक किशोरी को बेचने के लिए लाया गया है। किशोरी को खुर्जा के एक युवक से 75 हजार रुपए में खरीद-फरोख्त का सौदा चल रहा था। सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर आरोपी रांची निवासी कलावती नाम की महिला व एक अन्य महिला समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया।
पुलिस पूछताछ में कलावती नाम की महिला ने बताया कि किशोरी को उसकी सौतेली मां से खरीद करके लाई थी, जिसे खुर्जा निवासी एक युवक से शादी कराने के नाम पर उसका सौदा कराया जा रहा था। एसएसपी ने बताया कि पुलिस मामले की गहराई से जांच पड़ताल कर रही है। किशोरी रांची के किस क्षेत्र की रहने वाली है इसकी पता किया जा रहा है। झारखंड पुलिस और परिजनों से संपर्क कर मामले की तह तक जाएंगे।