मिशन 2024 का बुलंदशहर से आगाज करेंगे पीएम मोदी, दोहराएंगे 2014 वाली रणनीति
Bulandshahr News: अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव 2024 का बिगुल वेस्ट यूपी के बुलंदशहर जिले से फूकेंगे। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने तैयारी शुरू कर दी है और रैली की जगह का भी चयन कर लिया गया है। पीएम मोदी की चुनावी जनसभा से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बुलंदशहर का दौरा करेंगे।
पीएम नरेंद्र मोदी वेस्ट यूपी की लोकसभा सीटों को साधने के लिए 25 जनवरी को बुलंदशहर के सिकंद्राबाद आएंगे और यहां एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए अरबों रुपये की सौगात देंगे। बता दें कि पीएम मोदी की यह जनसभा पहले अलीगढ़ में प्रस्तावित थी, लेकिन इस चुनावी जनसभा को अब बुलंदशहर में शिफ्ट कर दिया गया है।

ऐसा माना जा रहा है कि पीएम मोदी ने एक बार फिर से यूपी की कमान अपने हाथ में ले ली है और बुलंदशहर से ही लोकसभा चुनाव का शंखनाद करेंगे। क्योंकि, 2014 में भी भाजपा ने बुलंदशहर से, 2019 में मेरठ से चुनावी शंखनाद किया था। इस बार भी यूपी, खासतौर से वेस्ट यूपी पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का पूरा फोकस बना हुआ है।
जनसभा के लिए बुलंदशहर को ही क्यों चुना गया?
सवाल यह भी उठता है कि पीएम मोदी ने मिशन 2024 की शुरूआत के लिए बुलंदशहर को ही क्यों चुना। इस सवाल का जवाब देते हुए राजनीतिक जानकार और वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र प्रताप सिंह ऐसा बताते है कि, ' बुलंदशहर कल्याण सिंह का गढ़ और भाजपा की मजबूत जमीन है। साल 2014 में पीएम मोदी, जब प्रधानमंत्री नहीं थे उस वक्त भी उन्होंने बुलंदशहर से ही चुनावी जनसभा का आगाज किया था और इस बार भी वेस्ट यूपी को साधने के लिए बुलंदशहर को चुना गया है।'
दलित वोटर्स को साधना चाहते है पीएम मोदी
वहीं, मेरठ के वरिष्ठ पत्रकार अजय चौहान बतातें है कि बीजेपी इस बार उन क्षेत्रों में अपनी पकड़ और मजबूत करना चाह रही है, जहां वो पिछली बार कमजोर रही थी। इतना ही नहीं, बुलंदशह जिले से चुनावी आगाज करने का एक कारण यह भी हो सकता है कि पीएम मोदी दलित वोटर्स को साधना चाहते है। क्योंकि, यहां दलित मतदाताओं की संख्या भी अधिक है और बीएसपी प्रमुख मायावती ने अपने दम पर लोकसभा चुनाव लड़ने का निर्णाय लिया है। जिसके कारण दलित मतदाता मायावती की तरफ जाते हुए दिखाई दे रहे है।
बीजेपी का गढ़ है बुलंदशहर
सिकंद्राबाद के बीजेपी विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने बताया कि साल 2014 में पीएम मोदी ने बुलंदशहर जिले से ही चुनावी जनसभा की शुरुआत की थी और इस बार भी बुलंदशहर को ही चुना है। बुलंदशहर, बीजेपी का गढ़ है और बुलंदशहर की 7 विधानसभा सीटों पर बीजेपी के विधायक है और सांसद भी बीजेपी का ही है। कहा कि बीजेपी के शासन में बुलंदशहर जिले का विकास हुआ है और मेडिकल कॉलेज भी मिला है।
पिछली बार वेस्ट यूपी में बीजेपी को लगा था झटका
आपको बता दें कि पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी को वेस्ट यूपी से ही झटका लगा था। मोदी लहर होने के बावजूद भी वेस्ट यूपी में बीजेपी के 14 में से 8 सांसद ही जीत दर्ज करा सके थे। 6 लोकसभा सीटों पर बीजेपी को हार का मुंह देखना पड़ा था। बीजेपी को सहारनपुर, बिजनौर, नगीना, संभल, अमरोहा और मुरादाबाद में हार का सामना करना पड़ा था।
बुलंदशहर से मिलेगा जीत का मंत्र
भाजपा इस बार पश्चिम यूपी की सभी सीटों पर जीत हासिल करने के लिए जी-जान से जुटी है और पीएम नरेंद्र मोदी बुलंदशहर से चुनावी आगाज कर पूर्व में हारी सीटों के मतदाताओं को साधेंगे। साथ ही, पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को यहां से जीत का मंत्र देंगे।












Click it and Unblock the Notifications