शौचालयों में लगाई गांधी और अशोक की लाट की टाइल्स, ग्राम विकास अधिकारी सस्पेंड
Bulandshahr News, बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शौचालय निर्माण में लगे ठेकेदारों ने भारत के राष्ट्रीय चिह्न अशोक की लाट और महात्मा गांधी की टाइल्स लगवा डाली। तीन दिन बाद ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद आनन-फानन में शौचालयों से टाइल्स उखड़वाई गई। साथ ही मामले की जांच भी बैठा दी गई। अब इस मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। डीपीआरओ ने अब इस मामले में वीडीओ को सस्पेंड कर दिया है।
मामला बुलंदशहर के दानपुर ब्लाकक्षेत्र के गांव इछावरी का है। बताया जा रहा है कि स्वच्छ भारत अभियान ग्रामीण के तहत यहां पर लगभग तीन सौ शौचालयों का निर्माण किया गया था। इन शौचालयों में टाइल्स लगवाई गई थी। ग्राम प्रधान ने कुछ शौचालयों में ऐसी टाइल्स लगवा दीं, जिन पर राष्ट्रीय चिन्ह बना है। अशोक की लाट के साथ-साथ टाइल्स पर तिरंगा बना हुआ है। बैकग्राउंड में मंदिर की भी तस्वीर है।
ग्रामीणों की इस पर नजर पड़ी तो उन्होंने टाइल्स का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। वीडियो अधिकारियों तक पहुंची तो जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। जांच के लिए सोमवार को डिबाई एसडीएम मनोज कुमार सिंह गांव पहुंच गए। उन्होंने तुरंत टाइल्स तुड़वाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों को जांच के बाद कुछ शौचालयों में उपले भी भरे मिले। अधिकारियों ने प्रधान को तुरंत शौचालय खाली कराने के निर्देश दिए।
वहीं, इस मामले में बुलंदशहर डीपीआरओ ने ग्राम विकास अधिकारी संतोष कुमार को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही ग्राम पंचायत के 6 खातों की सीज करत हुए ग्राम प्रधान सावित्री देवी को नोटिस जारी किया है।
ये भी पढ़ें:- भाजपा विधायक ने खोली सरकार के दावों की पोल, हाईकमान तक मचा हड़कंप