सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य ने उठ रहे सवालों का ये दिया जवाब
बदायूं, 14 जनवरी। बदायूं से भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य के पिता स्वामी प्रसाद मौर्य चुनाव से ठीक पहले कमल को छोड़कर साइकिल की सवारी करने निकल पड़े हैं। शुक्रवार को स्वामी प्रसाद मौर्य समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। उन्होंने भाजपा पर गरीब, दलित और पिछड़ों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। स्वामी प्रसाद मौर्य अब भाजपा को मिट्टी में मिलाने और धूल चटाने की बात कह रहे हैं। शुक्रवार को ही बेटी संघमित्रा मौर्य ने फेसबुक पर एक पोस्ट लिखा है जिसमें उन्होंने पिता स्वामी प्रसाद मौर्य को याद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी अपना पिता बताया है। पिता के अखिलेश की समाजवादी पार्टी में शामिल होकर भाजपा के खिलाफ बिगुल फूंकने के बाद संघमित्रा मौर्य को अपना पक्ष रखने के लिए सामने आना पड़ा है।

'मौर्य जी अब यह हमारी बेटी है'
फेसबुक पोस्ट में एक तरफ तो पिता स्वामी प्रसाद मौर्य के प्रति अपनी भावना को सांसद संघमित्रा मौर्य ने लिखा है वहीं भाजपा पार्टी के लिए आगे काम करने की अपनी प्रतिबद्धता का इजहार भी किया है। शुरुआत उन्होंने शायरी से की। उन्होंने पिता के साथ फोटो पोस्ट करते हुए लिखा-"मैं कुछ मांगू और पूरा न हो, ऐसे तो हालात नहीं, मैं पुकारुं और पापा न सुनें, इतने भी हम दूर नहीं "। लिखा कि प्रधानमंत्री जी ने पिताजी को कहा था, ये बेटी अब हमारी बेटी है, ये बेटी हमने ले ली। कहा कि मेरे पिता मेरे अभिमान हैं, मेरे हीरो हैं। पार्टी अलग हो सकती है लेकिन पिता-पुत्री नहीं। पिता और बेटी का रिश्ता दुनिया का सबसे मजबूत रिश्ता है।
सोशल मीडिया पर जब अशोभनीय शब्द पढ़ती हूं...
स्वामी प्रसाद मौर्य के समाजवादी पार्टी में शामिल होने और भाजपा के खिलाफ बयानबाजी करने के बाद बेटी संघमित्रा मौर्य पर भी लोग सवाल उठा रहे हैं। भाजपा समर्थक, बेटी संघमित्रा के बारे में पूछ रहे हैं कि वो कब पार्टी से इस्तीफा दे रही हैं। जब स्वामी प्रसाद मौर्य ने आरएसएस को नाग और भाजपा को सांप कहा तो एक यूजर ने सवाल किया कि तुम्हारी बेटी सांसद बनकर बैठी है, वो नाग है या सांप। सोशल मीडिया पर अपने ऊपर हो रही टिप्पणियों से आहत संघमित्रा मौर्य ने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि जब अपने लिए अशोभनीय शब्द पढ़ती हूं तो ऐसा नहीं है कि जवाब नहीं दे सकती, फैसला नहीं ले सकती। सांसद बनने से पहले भी सामाजिक कार्यों में व्यस्त रहती थी, सांसद बनने के बाद भी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रही हूं। मैं देश के प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी के मुझे बेटी के रूप में मेरे पिता से मांगे हुए वचन से बंधी हुई हूं।
'पिता खुद समझदार हैं, उनके लिए हम बच्चे'
न्यूज चैनल आजतक से बातचीत में सांसद संघमित्रा मौर्य ने कहा कि इतिहास में पहले भी कई परिवार हुए हैं जहां परिवार के सदस्य अलग-अलग पार्टी में हैं। कहा कि संघमित्रा मौर्य से ही लोग सवाल क्यों पूछ रहे हैं, दूसरों के बारे में भी बात करें। कहा कि पिता खुद समझदार हैं और पिता के लिए बच्चे हमेशा बच्चे ही होते हैं चाहे वह सांसद ही क्यों न हो। कहा कि पिता स्वामी प्रसाद मौर्य के पार्टी छोड़ने के मुद्दे पर आलाकमान से बात हुई थी। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही भाजपा में रहकर काम करना चाहती हूं।












Click it and Unblock the Notifications