Badaun News: सपा नेता की तेज रफ्तार SUV ने बाइक सवार वकील को मारी टक्कर, मौत के बाद वकीलों ने किया प्रदर्शन
Badaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद में समाजवादी पार्टी के नेता की तेज रफ्तार की एक एसयूवी ने वकील के बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वकील बाइक समेत करीब 5 फीट ऊपर हवा में उछल गया। घटना के बाद एसयूवी में सवार लोग उसे अस्पताल ले जाने की बजाय मौके से भाग निकले।
स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल वकील को अस्पताल में ले गए जहां जांच के दौरान डॉक्टरों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। वकील की मौत की सूचना मिलने के बाद भारी संख्या में अधिवक्ता अस्पताल पहुंच गए। बाद में कलेक्ट्रेट तिराहे पर अधिवक्ताओं ने मृतक का शव रखकर प्रदर्शन किया।

इस मामले में पुलिस द्वारा सपा नेता के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए उसकी और वाहन की तलाश की जा रही है। कहा जा रहा है कि जल्द ही सभा नेता को गिरफ्तार करते हुए उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना से अधिवक्ताओं में रोष है।
गाड़ी का नंबर प्लेट टूटने से हुई पहचान: यह घटना शनिवार की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के दहेमी गांव के रहने वाले 55 वर्षीय अधिवक्ता राकेश कुमार शनिवार को सहसवान कोर्ट गए थे और वहां से वापस लौट रहे थे।
लौटते समय वे कौल्हाई पेट्रोल पंप के समय पहुंचे थे इसी दौरान तेज रफ्तार की एसयूवी ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद जहां अधिवक्ता की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई वहीं वे भी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह पूरी घटना समीप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि दुर्घटना के बाद एसयूवी में सवार लोग गाड़ी रोक कर उतरते हैं लेकिन घायल को उठाने बगैर पुनः गाड़ी में बैठ कर फरार हो जाते हैं। इस दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार की स्कार्पियो ने एसयूवी में टक्कर मार दी। स्कॉर्पियो द्वारा टक्कर लगने के बाद एसयूवी का नंबर प्लेट टूट कर वहीं गिर गया।
नंबर प्लेट टूट कर गिरने के बाद वहां नंबर के आधार पर ही एसयूवी की पहचान हो पाई। बताया जा रहा है कि SUV सपा जिलाध्यक्ष की है। वहीं इस मामले में मृत अधिवक्ता के परिजनों की तहरीर पर सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में तेज ड्राइविंग और लापरवाही से गाड़ी चलाने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications