सर्जरी के दौरान रोने लगी महिला, तो अस्पताल ने वसूल लिए आंसू पोंछने के पैसे, लगाया इतने का चार्ज
नई दिल्ली, 1 अक्टूबर: डॉक्टर्स को भगवान का दूसरा रूप कहा जाता है, जिन्होंने कोरोना काल में लाखों लोगों की जान बचाई, लेकिन बहुत से प्राइवेट अस्पताल मरीजों की दिक्कत को नहीं समझते। वो कोशिश करते हैं कि ज्यादा लंबा बिल मरीज को पकड़ाकर मुनाफा कमाया जाए। भारत के साथ ही विदेशों के अस्पताल में भी यही हाल है। अब एक अस्पताल ने मरीज का बिल बढ़ाने के लिए जो किया, उसकी चर्चा दुनियाभर में हो रही है।

तिल की हुई थी सर्जरी
ट्विटर पर मिज (Midge) नाम की एक महिला यूजर ने एक हैरान कर देने वाला खुलासा किया। महिला के मुताबिक उनको तिल की सर्जरी करवानी थी। जिसके लिए वो एक प्राइवेट अस्पताल में गईं। साथ ही वहां पर इलाज के पूरे खर्च का ब्योरा लिया। कुछ दिनों बाद उन्होंने अस्पताल में भर्ती होकर पूरी सर्जरी करवाई, लेकिन जब डिस्चार्ज होते वक्त उन्होंने बिल मांगा, तो उसका एक प्वाइंट देखकर वो चौंक गईं।

11 डॉलर रोने के
महिला का दावा है कि जब सर्जरी हो रही थी, तो वो रोने लगीं। आमतौर पर सबके साथ ऐसा होता है, लेकिन अस्पताल ने उनके रोने और आंसू पोंछने का पैसा बिल में जोड़ दिया। मिज ने आगे बताया कि उनका बिल 223 डॉलर था, भारत के हिसाब से देखें तो ये राशि 16,500 रुपये के करीब होगी। जिसमें रोने के लिए उनसे 11 डॉलर (करीब 800 रुपये) लिए गए। इस सर्विस को बिल में ब्रीफ इमोशन नाम से चार्ज किया गया है।

2 डॉलर का डिस्काउंट भी
खास बात तो ये रही कि 11 डॉलर चार्ज करने के बाद अस्पताल ने महिला को 2.20 डॉलर का डिस्काउंट भी दिया। वहीं जब महिला ने बिल ट्विटर पर पोस्ट किया, तो ये तेजी से वायरल हुआ। जिस पर अब तक 2 लाख से ज्यादा लाइक्स आ चुके हैं। साथ ही हजारों लोगों ने इसे रिट्वीट किया। बताया जा रहा है कि ये बिल अमेरिका के किसी अस्पताल का है, लेकिन किसी ने भी इसकी पुष्टि नहीं की।

लोगों ने उड़ाया मजाक
बहुत से लोग महिला के साथ खड़े दिखे, तो कुछ लोगों ने इस बिल को लेकर अस्पताल का खूब मजाक उड़ाया। एक शख्स ने लिखा कि अस्पताल ने आपको 2 डॉलर का डिस्काउंट दिया है, लग रहा है आप उससे खुश नहीं हैं? जबकि दूसरे शख्स ने पूछा कि क्या मेडिकल इश्योरेंस वाले अब भावनाओं पर आने वाले बिल का भुगतान करेंगे या मरीज को खुद इसका खर्च उठाना पड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications