इस शख्स ने अपने बर्थडे पर किया ऐसा काम, हजारों लोगों ने की सराहना, जोमैटो को भी भेजना पड़ा केक
मुंबई के निवासी करण आप्टे ने अपना जन्मदिन अनजान लोगों के साथ सेलिब्रेट किया। लोगों ने करण आप्टे को बधाई दी। पिता के देहांत के बाद करण आप्टे अपने परिवार के सपनों को पूरा करने में लगे हैं।
हर किसी को अपने जन्मदिन पर खास तोहफों और केक काटने की दिल में लालसा होती है। कुछ अपने परिवार तो कुछ दोस्तों के साथ इस दिन को सेलिब्रेट करते हैं। लेकिन, मुंबई के निवासी करण आप्टे ने अपना जन्मदिन हजारों अनजान लोगों के साथ सेलिब्रेट किया।
इतना ही नहीं, उन्होंने ऑनलाइन फूड डिलीवरी के साथ एक चॉकलेट भी बांटी। उनके इस काम को काफी सराहना मिली। जिसके बाद ऑनलाइन फूड डिलीवरी जोमैटो ने उनके लिए खास एक केक भी घर भेजा। आखिर कौन है ये व्यक्ति?

मुंबई बोरीवली निवासी करण आप्टे 21 जून को 30 साल के हो गए। 14 साल की उम्र में ही उनके पिता जयराज आप्टे का देहांत हो गया था। मां स्मिता आप्टे ने करण आप्टे को पालपोस कर बड़ा किया। ज्वाइंट फैमिली में रहने वाले 12वीं पास करण आप्टे पेशे से एक प्रॉफिटेबल ट्रेडर हैं। करण आप्टे बताते हैं कि बचपन से ही पढ़ाई में कम इंटरेस्ट रहा। अपना कुछ अलग काम करने की चाहत रही। इसलिए स्टॉक मार्केट में एंट्री ली।
जोमैटो में काम करके मिलती है खुशी
करण आप्टे हार्ड वर्किंग हैं। दिन में ट्रेडिंग स्टॉक मार्केट का काम और रात में फूड डिलीवरी। करण बताते हैं कि 2019 जुलाई में फूड डिलीवरी जोमैटो ज्वाइन किया था। असल में उन्हें एक ऐसे काम की तलाश थी कि मार्केट में ट्रेडिंग के साथ कुछ इनकम भी कमा सकें। 4 साल से जोमैटो के साथ जुड़े हैं। उन्होंने यह भी बताया कि महीने के 30 हजार के आसपास फूड डिलीवरी करके कमा लेते हैं।
क्या था वो पोस्ट?
21 जून को करण आप्टे ने अपने जन्मदिन के दिन भी अपनी ड्यूटी को चालू रखी। बिना छुट्टी लिए डोर टू डोर फूड की डिलीवरी की। साथ ही हर पैकेट की डिलीवरी के साथ एक चॉकलेट भी बांटी। करण ने अपने जन्मदिन के दिन सभी चेहरे को मुस्कान दी। करण ने इससे पहले खुद के लिए एक नई टी-शर्ट खरीदी। फूड डिलीवरी के साथ सोशल मीडिया में उन्होंने एक पोस्ट किया।
जिसमें लिखा कि आज मेरा जन्मदिन है, मैंने एक नई शर्ट खरीदी और जोमैटो में डिलीवरी किए गए हर ऑर्डर के साथ चॉकलेट बांटी। इस पोस्ट पर लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी। साथ ही यूजर्स ने जोमैटो को टैग करते हुए उनका जन्मदिन मनाने की अपील की।
जोमैटो ने करण को भेजा केक, मनाया बर्थडे
वहीं, जोमैटो ने अपने यूजर्स की अपील का मान रखा। साथ ही करण के इस सराहनीय और प्यार भरे काम के प्रति अपना भाव प्रकट करते हुए केक भी भेजा। करण ने केक की फोटो फेसबुक पर शेयर कर धन्यवाद अदा किया।












Click it and Unblock the Notifications