VIDEO: रेलवे ट्रैक पर पत्थर रखता दिखा बच्चा, 5 साल पुराना वीडियो वायरल
हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक छोटा सा बच्चा रेलवे ट्रैक पर पत्थर रखता दिख रहा है।

Karnataka video: ओडिशा के बालासोर में हुए भयानक हादसे को अभी कुछ ही वक्त गुजरा है। हादसे में सैकड़ों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। ऐसे में कई लोग प्रशासन पर उंगली उठा रहे हैं तो कई व्यवस्था पर। इस बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें रेल की पटरियों पर एक बच्चे को पत्थर रखते हुए देखा जा रहा है।
वायरल वीडियो को लेकर दावा किया गया है कि यह कर्नाटक का है, जहां एक बच्चे को रेल की पटरियों पर पत्थर रखते हुए पकड़ा, हालांकि जब इस वीडियो की सच्चाई सामने आई तो मामला कुछ और ही निकला।
ऑल्ट न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक यह वीडियो 12 मई, 2018 का है, जिसे फेसबुक पर पोस्ट किया गया था। जिसे अब फिर से सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है। ऐसे में साफ है कि वीडियो हाल का नहीं बल्कि कम से कम पांच साल पुराना है।
इसके अलावा, वायरल वीडियो में लड़का और पुरुष कन्नड़ में बात कर रहे थे। जिसे लेकर रिपोर्ट में रायचूर रेलवे के सर्किल इंस्पेक्टर रवि कुमार के हवाले से बताया गया कि ये वीडियो 2018 का है। पास की झुग्गियों के बच्चे ट्रैक के पास पत्थर रखकर खेल रहे थे।
उन्होंने कहा कि वीडियो सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है, लेकिन बच्चों का ट्रेन को नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। कुमार ने कहा कि वहां मौजूद ट्रैकमैन ने लड़कों को डांटा और बिना मामला दर्ज किए उन्हें जाने दिया।
(वीडियो-नीचे)
5 साल पुरानी यह घटना कलबुर्गी मुख्य स्टेशन से लगभग 2 किमी दूर हिरेनंदुरु की ओर हुई। जहां बच्चों को पकड़ने वाले ट्रैकमैन गोपाल, राजकुमार और राजू थे। ऐसे में स्पष्ट है कि वायरल वीडियो 2018 का है और अब किया जा रहा दावा पूरी तरह से झूठा है।
जानिए अब क्या किया जा रहा दावा
दरअसल, अरुण पुदुर नाम के ट्विटर यूजर ने इस वीडियो को ट्विटर पर शेयर किया है। वीडियो में बच्चा ट्रैक पर पत्थर रखता दिख रहा है। आरोपी बच्चा किसी के कहने पर ट्रैक पर पत्थर रख रहा था। ऐसे में दो लोगों ने इस बच्चे को पकड़कर उससे पत्थर हटवाए।
वीडियो में दिख रहा है कि पकड़े जाने पर बच्चा गिड़गिड़ा रहा है। एक बार तो वो सामने वाले के पैर भी पकड़ने लगता है। बच्चे का कहना है कि उसने ऐसा पहली बार किया है। ट्रैक पर इस तरह की हरकत वाले इस बच्चे का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।
वीडियो देखने के बाद कई लोगों ने इसे साजिश बताया। कई लोग इस मामले की जांच की मांग कर रहे हैं। एक यूजर ने कहा कि चौंकाने वाला- एक और दुर्घटना टली। कम उम्र का लड़का कर्नाटक में रेलवे ट्रैक की तोड़फोड़ करता पकड़ा गया। लोग बोले कि ये एक गंभीर मुद्दा है। इस पर जिम्मेदार लोग गौर करें। कई लोगों ने इस वायरल वीडियो पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे मंत्रालय और रेलवे सेवा को टैग किया है।
यहां देखें वीडियो...
ओडिशा में बालासोर में हुए भयानक रेल हादसे के तीन दिनों के बाद इस वीडियो को ट्विटर पर पोस्ट किया गया है। एक तरफ ओडिशा हादसे ने लोगों को झकझोर दिया है और दूसरी ओर इस वीडियो से लोगों के अंदर भ्रम फैलाने का काम किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications