Car On Railway Track: महिला ने रेलवे ट्रैक पर दौड़ई कार, अफरा-तफरी में 15 ट्रेनें डायवर्ट, क्या है पूरा मामला?
Woman Drives Car On Railway Track: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक महिला ने ऐसा कारनामा कर दिया जिसने न सिर्फ स्थानीय प्रशासन, बल्कि रेलवे महकमे को भी सकते में डाल दिया। 34 वर्षीय महिला, जो एक किआ सोनेट (Kia Sonet) कार चला रही थी, ने शंकरपल्ली रेलवे स्टेशन के पास कार को सीधे रेलवे ट्रैक पर दौड़ा दिया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और लोग इसे देखकर स्तब्ध हैं। कुछ सेकंड के एक वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि महिला रेल की पटरियों के ऊपर कार चला रही है।

वहीं, एक अन्य वीडियो में स्थानीय लोग, रेलवे कर्मचारी और पुलिसकर्मी उसे रोकने और कार से बाहर निकालने की कोशिश करते हुए दिख रहे हैं। इस पूरी प्रक्रिया में महिला पूरी तरह असहयोगी नजर आती है।
15 ट्रेनें हुई प्रभावित
घटना के चश्मदीदों और रेलवे सूत्रों के अनुसार, महिला को कार से बाहर निकालना किसी चुनौती से कम नहीं था। करीब 20 लोगों की मदद से महिला को बाहर निकाला गया। उसने ना केवल बाहर आने से मना किया, बल्कि आक्रामकता भी दिखाई। उसके हाथ बांधकर उसे काबू में लाना पड़ा। रेलवे ट्रैक पर चलती कार के कारण बेंगलुरु-हैदराबाद रूट समेत करीब 10 से 15 ट्रेनों को डायवर्ट या रोका गया। यह सब कुछ केवल एक महिला के असामान्य कदम के चलते हुआ।
Woman Drives Car On Railway Track: महिला की पहचान और प्रारंभिक जांच
पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला उत्तर प्रदेश की रहने वाली है और कुछ समय पहले तक वह एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत थी। रेलवे पुलिस की सुपरिंटेंडेंट चंदना दीप्ति के अनुसार, महिला का व्यवहार अत्यंत आक्रामक और असामान्य था। इस कारण उसे मानसिक रूप से अस्थिर माना जा रहा है।
पुलिस ने महिला की कार से ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड बरामद किए हैं, जिससे उसकी पहचान सुनिश्चित की गई। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं यह पूरी घटना आत्महत्या की कोशिश तो नहीं थी।
वो स्त्री है। कुछ भी कर सकती है...
— Arvind Chotia (@arvindchotia) June 26, 2025
तेलंगाना के शंकरपल्ली का हैरान करने वाला दृश्य pic.twitter.com/k41IIkwCrH
स्टंट या आत्महत्या? जांच के कई पहलू
सुपरिंटेंडेंट चंदना दीप्ति ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या महिला की योजना खुद को मारने की थी या फिर वह किसी को जानबूझकर नुकसान पहुँचाना चाह रही थी। इस घटना को हत्या की साजिश जैसा दिखाने की कोशिश की संभावना भी जताई गई है।
फिलहाल, महिला को हिरासत में ले लिया गया है और उसकी मानसिक स्थिति का मेडिकल मूल्यांकन भी कराया जा रहा है। घटना को लेकर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
रेलवे ने इस घटना को सुरक्षा में गंभीर सेंध माना है और इस पर आंतरिक रिपोर्ट तैयार की जा रही है। एक ओर यह एक महिला की मदद की पुकार हो सकती है, वहीं दूसरी ओर यह घटना कई निर्दोष लोगों की जान जोखिम में डालने वाली गंभीर आपराधिक लापरवाही भी है। पुलिस और रेलवे द्वारा मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस पर विस्तृत रिपोर्ट सामने आ सकती है।












Click it and Unblock the Notifications