खतरनाक! रोबोट ने ली इंसान की जान, सब्जी का बॉक्स समझकर शख्स का कर दिया ये हाल
Robot news in hindi: आपको सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म रोबोट याद होगी, जिसमें रोबोट को तैयार तो किया जाता है इसलिए, ताकि वो इंसानों के काम आ सके, लेकिन हो कुछ ऐसा जाता है कि इंसान और रोबोट के बीच ही लड़ाई छिड़ जाती है। अब कुछ ऐसा ही मामला साउथ कोरिया में सामने आया है।
साउथ कोरिया में एक रोबोट ने एक शख्स की हत्या कर दी है। न्यूज एजेंसी योनहाप के मुताबिक, रोबोट में कुछ तकनीकी खराबी आई, जिसकी वजह से उनसे उस शख्स को सब्जियों से भरी एक पेटी समझ लिया और उसके चेहरे को कुचल दिया।

मामला साउथ कोरिया के दक्षिण ग्योंगसांग प्रांत का है, जहां 40 साल का ये शख्स सब्जियों के एक स्टोर में काम करने वाले रोबोट के सेंसर चेक करने के लिए बुलाया गया था। घटना वाले दिन स्टोर में ये रोबोट शिमला मिर्च से भरे बॉक्स उठाकर नीचे जमीन पर रख रहा था। शख्स रोबोट के सेंसर चेक कर रहा था कि तभी अचानक, रोबोट में कुछ तकनीकी खराबी आ गई और उसने इस शख्स को शिमला मिर्च से भरा बॉक्स समझ लिया।
कन्वेयर बेल्ट से रोबोट ने शख्स को जकड़ा
रिपोर्ट के मुताबिक, रोबोट को सब्जियों के बॉक्स संभालने के लिए अलग तरह से प्रोग्राम किया गया था। सेंसर में खराबी आने के बाद रोबोट के हाथों ने शख्स को सब्जी का बॉक्स समझा और उसे कन्वेयर बेल्ट से जकड़ लिया। कन्वेयर बेल्ट से पकड़ने के बाद रोबोट ने शख्स के ऊपरी हिस्से को नीचे की तरफ मजबूती से झुकाना शुरू कर दिया। ऐसा करने में शख्स का चेहरा और उसका सीना बुरी तरह कुचल गए। स्टोर में काम करने वाले दूसरे लोगों ने बड़ी मुश्किल शख्स को रोबोट के चंगुल से छुड़ाया।
सालभर के भीतर दूसरा ऐसा मामला
बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से इस रोबोट के सेंसर में समस्या आ रही थी और इसीलिए उस शख्स को इसे चेक करने के लिए बुलाया गया था। शख्स को आनन-फानन में हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। आपको बता दें कि साउथ कोरिया में इस साल ये दूसरा ऐसा मामला है, जब रोबोट ने इंसान को नुकसान पहुंचाया है। इससे पहले मार्च के महीने में एक ऑटोमोबाइल पार्ट्स मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में रोबोट ने एक 50 साल के शख्स को बुरी तरह घायल कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications