'जाल खींचते ही वो तेजी से बढ़ा...', समुद्र के अंदर से निकला 20 हाथों वाला रहस्यमयी जीव, पहली तस्वीर आई सामने
अंटार्कटिक महासागर अपने आप में कई राज समेटे हुए है। उसके अंदर कई जीव ऐसे हैं, जिनके बारे में इंसानों को भी नहीं पता। इसके लिए वहां पर बड़े पैमाने पर रिसर्च प्रोग्राम चलाए जा रहे हैं।
हाल ही में वैज्ञानिकों को अंटार्कटिक महासागर में एक ऐसा जीव मिला, जिसको देखकर सबके होश उड़ गए। उस जीव के शरीर में 20 से ज्यादा हाथ थे, जबकि उसके शरीर की बनावट भी काफी ज्यादा अनोखी थी।

इस नई प्रजाति के बारे में "इनवर्टेब्रेट सिस्टमैटिक्स" नाम की पत्रिका में एक रिपोर्ट प्रकाशित हुई है। शोधकर्ताओं के मुताबिक वो ठंडे पानी में फेंके गए जाल को वापस खींच रहे थे, तभी उनकी नजर इस जीव पर पड़ी।
मामले में एक शोधकर्ता ने बताया कि ये जीव विशाल हैं, जो लगभग 65 फीट से लेकर आश्चर्यजनक रूप से 65,000 फीट पानी के नीचे की गहराई में रहते हैं। ये इतना कम नजर आते हैं कि जब भी आप इनको देखेंगे, तो लगेगा कि ये दूसरी दुनिया से आए हैं।
अभी इस जीव का वैज्ञानिक नाम Promachocrinus fragarius रखा गया है। ये शब्द लेटिन भाषा से लिया गया, जिसका मतलब स्ट्रॉबेरी होता है। शोधकर्ताओं के मुताबिक जब उनकी नजर इस पर पड़ी थी, तो ये स्ट्रॉबेरी की तरह लग रहा था, ऐसे में इसका नाम उसी के आधार पर रख दिया गया।
वहीं अंटार्कटिक महासागर में 2008 से 2017 के बीच कई खोजी अभियान चलाए गए, जिसका मकसद नई समुद्री प्रजातियों का पता लगाना था। उस दौरान कुछ सात नई प्रजातियां मिली थीं। वहीं इस खोज के बाद उनकी संख्या 8 हो गई है।
Promachocrinus fragarius का रंग बैंगनी से लेकर गहरे लाल तक हो सकता है। उनके आकार का सही अनुमान अभी नहीं लग पाया है। बस डीएनए विश्लेषण के आधार पर उनकी पहचान कर ली गई। उनकी कुछ तस्वीरें भी ली गई थीं, जिससे उनके अंगों के बारे में अनोखी जानकारी मिली।
वैज्ञानिकों के मुताबिक तस्वीरों से दो प्रकार के उपांगों का पता चला। जिसमें निचली भुजाएं छोटी, धारीदार और ऊबड़-खाबड़ दिखती हैं, जबकि ऊपरी भुजाएं लम्बी हैं। आपको बता दें कि उपांग (Appendage) किसी प्राणी के शरीर का ऐसा भाग होता है जो शरीर के मुख्य भाग से अलग उगा हुआ हो।












Click it and Unblock the Notifications