'देखो पूरा स्टाफ लंच पर चला गया...' स्टेट बैंक की फोटो खींचकर पड़ गए लेने के देने, पोस्ट हुआ Viral
Viral SBI Post: स्टेट बैंक की सर्विसेज से भला कौन परेशान नहीं। अकसर कस्टमर्स की यही शिकायत रहती है कि कुछ काम करवाने जाओ और बैंक का लंच ब्रेक चल रहा होता है। ऐसा ही कुछ एक शख्स के साथ भी हुआ, मगर उससे रहा नहीं गया और शख्स ने एसबीआई की तस्वीर ही एक्स पर पोस्ट कर दी। मगर उसे ऐसा करना भारी पड़ गया। कैसे, चलिये जानते हैं।
मामला है राजस्थान का, जहां ललित सोलंकी नाम के एक शख्स ने ट्विटर पर एसबीआई की तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें खाली कुर्सियां नजर आ रही थीं। शख्स का दावा है कि दोपहर के 3 बज रहे हैं और पूरा का पूरा स्टाफ लंच पर गया हुआ है। शख्स ने आगे लिखा कि विडंबना है कि एसबीआई का कहना है कि हमारा कोई लंच टाइम नहीं होता और इधर देखो पूरा का पूरा स्टाफ लंच पर चला गया है।

शख्स ने अपने कैप्शन में आगे लिखा कि डियर एसबीआई, पूरी दुनिया बदल सकती है मगर आपकी सर्विसेज नहीं। देखते ही देखते शख्स का ये पोस्ट वायरल होने लगा, जिसे 3 लाख लोगों ने लाइक किया और खूब सारे लोगों ने इसपर रिएक्शन देते हुए एसबीआई की लेट सर्विसेज पर सहमति जताई।
इसके तुरंत बाद एसबीआई ने इस पोस्ट पर रिएक्शन देते हुए खेद जताया। मगर साथ ही बैंक ने शख्स से ट्विटर पर पोस्ट तस्वीर डिलीट करने को भी कहा। बैंक ने कहा कि सुरक्षा कारणों की वजह से बैंक के अंदर की तस्वीरें लेना वर्जित है ऐसे में इन तस्वीरों को डिलीट करने को कहा। बैंक ने कहा कि अगर इन तस्वीरों का गलत इस्तेमाल किया गया तो जिम्मेदारी आपकी होगी।
अब एसबीआई का भी ये पोस्ट सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है औऱ लोग बैंक के पोस्ट पर भी रिएक्शन दे रहे हैं। कई लोगों ने बैंक के सिर्फ फोटो वाले मुद्दे पर फोकस करने को लेकर भी रिएक्शन दिये और बताया कि जवाबदेही से भागा जा रहा है।
बताते चलें कि बैंक के पोस्ट करने के बावजूद भी ललित सोलंकी ने तस्वीरें डिलीट नहीं कीं। तो एसबीआई ने 31 मई को ट्वीट की एक सीरीज जारी की, जिसमें कहा गया, "कृपया ध्यान दें कि हमारी शाखाओं में कर्मचारियों के दोपहर के भोजन के लिए कोई विशेष समय तय नहीं किया गया है। बल्कि शाखाओं में दोपहर के भोजन के समय को अलग-अलग किया जाता है ताकि ये सुनिश्चित किया जा सके कि काम के घंटों के दौरान हमारे सम्मानित ग्राहकों को निरंतर सेवाएं दी जा सकें।
बैंक ने आगे कहा कि हालांकि अगर आपको हमारी किसी भी शाखा से इस संबंध में कोई समस्या आ रही है, तो कृपया इस संबंध में इस लिंक https://crcf.sbi.co.in/ccf पर शिकायत दर्ज करें - अन्य >> व्यक्तिगत खंड/व्यक्तिगत ग्राहक // सामान्य बैंकिंग >> शाखा से संबंधित >> प्रश्नों का कोई जवाब नहीं का चयन करें और अंतिम कॉलम में समस्या का संक्षिप्त विवरण दर्ज करें। शिकायत के सफल पंजीकरण पर, आपको अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर/ई-मेल आईडी पर एक शिकायत संख्या प्राप्त होगी। हमारी संबंधित टीम इस पर गौर करेगी।












Click it and Unblock the Notifications