VIDEO: वैज्ञानिकों का कमाल, खाने का लालच देकर मछली से चलवा दी कार
नई दिल्ली, 6 जनवरी: आमतौर पर लोग कुत्तों को घर में पालते हैं और उन्हें ट्रेन्ड करके थोड़ा बहुत काम भी सीखा देते हैं, जैसे- बॉल लाना या फिर कपड़े लाना। क्या आपने सोचा है कि किसी मछली को भी इसी तरह से ट्रेन्ड किया जा सकता है? वैसे सुनने में भले ही अजीब लगे लेकिन अब वैज्ञानिकों ने एक नया कमाल किया, जिसके तहत उन्होंने मछली से एक खास कार को चलवाया। (वीडियो नीचे)

स्पेशल कार में डाली गोल्ड फिश
दरअसल वैज्ञानिक लंबे वक्त से मछली के दिशा निर्धारण और टारगेट की पहचान क्षमता को लेकर रिसर्च कर रहे थे। इसके लिए इजरायल स्थित बेन-गुरियॉन यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने एक छोटी सी खास कार डिजाइन की, जिसमें हाईटेक उपकरण और सेंसर लगे थे। इसमें पानी भरकर कुछ गोल्ड फिश को डाला गया। आमतौर पर ये गोल्ड फिश घरों में पाली जाती हैं।

खाने का दिया लालच
इस कार में मछलियां जिस ओर देखतीं, उस ओर कार जाने लगती। इसके कुछ वीडियो भी जारी हुए हैं, जिसमें मछलियां अपने छोटे वाहन को आसानी से चलाती हुई नजर आ रही हैं। वैसे तो वैज्ञानिकों ने मछलियों को टारगेट तक पहुंचने के लिए खाने का लालच दिया था, लेकिन इससे ये बात सिद्ध हो गई कि मछलियां कार चला सकती हैं।

लगे होते हैं हाईटेक उपकरण
शोध में शामिल एक वैज्ञानिक ने बताया कि ये कार छोटी और रोबोटिक है। इसमें मछलियां के रहने के लिए पानी भरा जाता है। साथ ही जिस ओर मछलियों का मुंह होता है, उधर लाईडार यंत्र लगा होता है। ये पूरी तरह से एक कंप्यूटर से जुड़ा होता है। जिस दिशा में मछली अपना मुंह घुमाती है, कार उसी दिशा में चलने लगती है।

क्या था मकसद?
वैज्ञानिकों ने बताया कि इस शोध का मकसद मछलियों के नेविगेशन सिस्टम को समझना था, जो पूरी तरह से कामयाब रहा। इस शोध से जुड़ी पूरी रिपोर्ट Behavioural Brain Research जर्नल में प्रकाशित की गई है। भविष्य में वो अन्य जानवरों के नेविगेशन स्किल का टेस्ट इसी तरह से लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications