PUBG पार्टनर से हुआ प्यार, चार बच्चों संग पाकिस्तान से भारत पहुंची महिला, जानें पूरा मामला
ऑनलाइन गेम खेलते-खेलते प्यार के परवान चढ़ने के मामले तो आपने काफी सुने होंगे। पब जी भी एक ऐसा ही गेम है, जिसने न जाने कितने दिलों को मिलाया। ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसके बारे में जानकर आपके भी होश उड़ जाएंगे। क्योंकि ये कोई आम मामला नहीं है।
दरअसल, अपने पबजी गेम पार्टनर के साथ जिंदगी बिताने के लिए एक पाकिस्तानी महिला सरहद पार कर भारत पहुंच गई। महिला अकेली यहां नहीं पहुंची, बल्कि अपने 4 बच्चों संग नेपाल के रास्ते रबूपुरा आई।

जानकारी के मुताबिक, सीमा नाम की ये महिला करीब एक महीना पहले ही यहां आ गई थी और उसके पास कोई दस्तावेज भी नहीं थे। लेकिन वो सचिन नाम के शख्स के साथ शादी कर भारत की नागरिकता हासिल करना चाहती थी। जैसे ही पुलिस को इस मामले की भनक हुई, पुलिस ने तलाश जारी कर दी।
लेकिन फिर जब महिला को पता लगा तो वो अपने चारों बच्चों को लेकर सचिन के साथ फरार हो गई। अब पुलिस उस ऑटो चालक से पूछताछ में जुटी हुई है, जिसमें बैठकर महिला रफ्फूचक्कर हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, रबूपुरा के अंबेडकर नगर निवासी सचिन की कुछ ही महीनों पहले पबजी गेम खेलते हुए एक पाकिस्तानी महिला से दोस्ती हो गई। इसके बाद दोनों ने एक दूसरे का नंबर लिया। सीमा ने सचिन को बताया था कि वो अपने चार बच्चों संग रहती है।
बात करते-करते दोनों की बॉन्डिंग काफी गहरी होती चली गई। इसके बाद वो सचिन से मिलने भारत आ पहुंची और रबूपुरा के सचिन संग ही रहने लगी। महिला सचिन से शादी करना चाहती थी और इसे लेकर दोनों कई कानूनी जानकारों की लगातार सलाह भी ले रहे थे। इस बीच गौतमबुद्ध नगर पुलिस को सूचना मिली तो पुलिस अलर्ट हो गई।
बताते चलें कि महिला और युवक शादी के लिए कानूनी सलाह ले रहे थे। तभी सलाह देने वाले एक शख्स को महिला पर जासूस होने का शक हुआ। महिला ने बताया कि उसका भाई पाकिस्तानी सेना में तैनात है। पति दूर रहता है, जिस वजह से वो अपने चार बच्चों को लेकर इंडिया आई है। वो सचिन से जल्द से जल्द शादी करना चाहती है।
जब शख्स को महिला के जासूस होने का शक हुआ, तो उसने तुरंत पुलिस को इस मामले की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने रात में ही एक टीम गठित कर दी, ताकि महिला से पूछताछ हो सके। लेकिन स्थानीय अधिकारी और पुलिस कार्रवाई का हवाला देकर इंतजार करते रहे। इस मौके का फायदा उठाकर महिला अपने बच्चों और सचिन के साथ एक चालक की ऑटो में बैठकर यमुना एक्सप्रेसवे की ओर फरार हो गई।












Click it and Unblock the Notifications