Afghanistan Earthquake: भूकंप से थर-थर कांप रही थी धरती, लेकिन सर्जरी में जुटे रहे डॉक्टर्स
Doctors doing surgery during earthquake: वायरल वीडियो में भूकंप के तेज झटकों के बीच डॉक्टर्स की बहादुरी नजर आ रही है। धरती कांप रही है लेकिन बावजूद इसके डॉक्टर्स का पूरा ध्यान सिर्फ मरीज की जान बचाने पर है।

Doctor Doing Surgery During Earthquake: कल उस वक्त धरती कांप उठी, जब भारत में भूकंप आया। इसका केंद्र अफगानिस्तान बताया जा रहा है। भूकंप के वक्त लोग जब डर के मारे अपने-अपने घरों से बाहर निकल रहे थे, उस वक्त जम्मू और कश्मीर में डॉक्टर्स एक मरीज के ऑपरेशन में जुटे हुए थे। भूकंप के दौरान डॉक्टर और पूरा स्टाफ सहम गया था लेकिन इस बात का असर उन्होंने अपने काम पर बिल्कुल भी नहीं होने दिया और कुछ ही समय बाद सर्जरी के सफल होने की जानकारी भी साझा की। डॉक्टर्स के इस सराहनीय काम की सोशल मीडिया पर अब लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं।
इधर भूकंप और उधर हो रही थी सर्जरी
वायरल हो रहा ये वीडियो जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले का है। जिले के एसडीएच बिजबेहरा अस्पताल में इमरजेंसी लोअर सेगमेंट सिजेरियन सेक्शन चल रहा था। तभी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके महसूस होने पर सर्जरी करने वाले डॉक्टर्स भी एक बार को घबरा गए लेकिन उन्होंने ऑपरेशन को जारी रखा।
डॉक्टर्स की हो रही है तारीफ
LSCS को बिना रोके सफल करने वाले डॉक्टर्स औऱ पूरी टीम की सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है। टीम को शांत रहकर बिना घबराए सर्जरी करने के लिए लोगों की सराहना मिल रही है। बताते चलें कि मंगलवार की रात भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिसके बाद लोगों में दहशत छा गई। भूकंप के ये झटके काफी समय तक रहे।
190 किलोमीटर की गहराई में भूकंप
यूएस जियोलॉजिकल सर्विसेज के मुताबिक, 6.5 तीव्रता वाले इस भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के जुर्म के दक्षिण पूर्व में 40 किलोमीटर के दक्षिण में था। भूकंप करीब 190 किलोमीटर की गहराई में आया। अफगानिस्तान के फैजाबाद में भूकंप से लोग काफी सहम गए थे।
उत्तर भारत में महसूस हुए झटके
सिर्फ अफगानिस्तान ही नहीं बल्कि पड़ोसी देशों पाकिस्तान और भारत में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। भारत की बात की जाए, तो देश की राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में भूकंप के तेज झटके महसूस हुए। सोशल मीडिया पर भी कई वीडियोज वायरल हो रहे हैं, जो भूकंप के तेज झटकों की गवाही दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications