62 साल पुरानी पासबुक से खुल गई किस्मत की तिजोरी, कबाड़ में मिला खजाना, शख्स बना करोड़पति!
Viral News in Hindi: कभी-कभी जिंदगी आपको ऐसा तोहफा देती है, जिसकी आपने कल्पना भी नहीं की होती। कुछ ऐसा ही हुआ एक शख्स के साथ, जिसने पुराने कबाड़ में छुपा खजाना ढूंढ निकाला और वो भी अपने ही घर में। सोशल मीडिया पर वायरल इस कहानी को जिसने भी पढ़ा वो हैरान रह गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक हैरान कर देने वाली कहानी में एक व्यक्ति को अपने पिता की 62 साल पुरानी बैंक पासबुक मिली। यह पासबुक पुराने कागजों के ढेर में पड़ी थी। जैसे ही उसने इसे उठाकर झाड़ा और खोलकर देखा, उसकी आंखें हैरानी से फैल गईं। पासबुक में दर्ज राशि और उस पर सालों से चढ़ता ब्याज, उसे रातों-रात करोड़पति बना गया।

पिता की पासबुक ने बना डाला 'करोड़पति'
वाक्या चिली का है, जहां के रहने वाले शख्स के हाथ रातों-रात खजाना लग गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शख्स अपने पिता की मौत के बाद उनके पुराने सामान की छंटाई कर रहा था। तभी उसे एक बेहद पुरानी धूल-भरी पासबुक मिली। पहले तो उसने इसे रद्दी समझकर नजरअंदाज कर दिया, लेकिन अचानक जिज्ञासा हुई और उसने पासबुक को अच्छे से देखा फिर क्या उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
दरअसल, चिली के एक्सेक्विएल हिनोजोसा जो अपने पिता की मौत के करीब 10 साल बाद उनके पुराने सामान को छांट रहे थे। सफाई के दौरान उन्हें एक पुरानी पासबुक मिली, जो उनके पिता के एक अकाउंट से जुड़ी थी। पासबुक देखकर पहले तो उन्होंने सोचा कि यह अब किसी काम की नहीं। लेकिन जब उन्होंने गौर से देखा तो उस पर एक शब्द लिखा था-"स्टेट गारंटी"। यही वह क्लू था जिसने उनकी जिंदगी बदल दी।
पासबुक पर जो 'स्टेट गारंटी' लिखा था इसका मतलब था कि अगर बैंक विफल हो जाता है, तो सरकार पैसे वापस कर देगी। हिनोजोसा को उम्मीद थी कि सरकार पैसे वापस कर देगी।
बैंक बंद, लेकिन भरोसा जिंदा रहा
हिनोजोसा के पिता ने 1960-70 के दशक में उस बैंक में करीब 1.4 लाख रुपए (पुरानी दर के हिसाब से) जमा किए थे। उस पैसे से वे एक घर खरीदना चाहते थे। लेकिन बैंक सालों पहले बंद हो गया और यह पैसा कभी निकाला नहीं गया। हिनोजोसा को उम्मीद थी कि "स्टेट गारंटी" के तहत सरकार इस पैसे को लौटाएगी। उन्होंने जब सरकार से पैसे की मांग की, तो शुरुआत में उन्हें मना कर दिया गया।
अदालत ने दिलाया न्याय
सरकारी इनकार के बाद हिनोजोसा ने हार नहीं मानी और कानूनी रास्ता अपनाया। मामला अदालत पहुंचा और लंबी सुनवाई के बाद अदालत ने फैसला हिनोजोसा के पक्ष में सुनाया। अदालत ने माना कि "स्टेट गारंटी" वैध है और सरकार को पैसे लौटाने होंगे-वो भी ब्याज के साथ।
रातों-रात बना करोड़पति
अदालती आदेश के बाद सरकार ने हिनोजोसा को 1.2 मिलियन डॉलर यानी करीब 10.27 करोड़ रुपये लौटाए। इस अप्रत्याशित इनाम ने उन्हें रातों-रात करोड़पति बना दिया।












Click it and Unblock the Notifications