Amazon की महिला कर्मचारी ने शेयर किया यौन उत्पीड़न का वीडियो, कहा- हर शिफ्ट में झेलती हूं लड़कों की ये हरकत
जानी-मानी ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के गोदाम में काम करने वाली एक महिलाकर्मी ने साथ काम करने वाले पुरुषों पर हर शिफ्ट में यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है।
वाशिंगटन, 25 जनवरी। जानी-मानी ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के गोदाम में काम करने वाली एक महिलाकर्मी ने साथ काम करने वाले पुरुषों पर हर शिफ्ट में यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। प्रिसिला नाम की महिला ने यौन उत्पीड़न का एक वीडियो भी जारी किया है, जिसे उसने चुपचाप रिकॉर्ड किया है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।

प्रिसिला ने कहा हर शिफ्ट में झेलती हूं उत्पीड़न
इस वीडियो में दिखाया गया है कि प्रिसिला गोदाम में काम कर रही है और उसके साथ करने वाले लड़के उस पर भद्दे कमेंट कर रहे हैं। इस वीडियो के कैप्शन में महिला ने लिखा- 'अगर आप अमेजन में काम करते हैं तो आप जानते होंगे।' प्रिसिला ने बताया कि एक लड़का उसके पास आया और उसका नंबर मांगने लगा। इस वीडियो पर अब तक 105,000 व्यूज और 10,000 लाइक्स आ चुके हैं। वहीं कुछ लोग कमेंट कर उसके पहनावे को ही उसके यौन उत्पीड़न के लिए जिम्मेदार बता रहे हैं। एक यूजर ने लिखा- काम करने की जगह पर महिला को ढंग के कपड़े पहने चाहिए ऐसे ही लड़कों पर इल्जाम लगाना गलत है। वहीं एक अन्य यूजर ने वीडियो पर कमेंट कर लिखा- तुम्हारा लुक ही उन्हें यह करने के लिए मजबूर करता है फिर तुम इसकी शिकायत क्यों कर रही हो। एक अन्य यूजर ने लिखा गोदाम में इस तरह की ड्रेस पहनने का क्या मतलब।

भद्दे कमेंट्स का प्रिसिला ने दिया जवाब
इस तरह के भद्दे कमेंट्स पर प्रिसिला ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि मैं स्वेटर और जॉगर्स भी पहनना शुरू कर दूं तो भी वे मेरे साथ इसी तरह का बर्ताव करेंगे। हालांकि कुछ लोगों ने उसका समर्थन भी किया है- एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट कर लिखा- कुछ भी पहनना उसका निजी मसला है, कुछ भी पहनने का मतलब ये नहीं कि उसका यौन उत्पीड़न किया जाए। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा- अमेजन में काम करते वक्त उसके साथ भी ऐसे हादसे हुए हैं।

पिछले साल अमेजन पर महिलाओं ने दर्ज किया था मुकदमा
बता दें कि पिछले साल मई में अमेजन के गोदाम में काम करने वाली महिलाओं ने वहां के प्रबंधकों के भेदभाव के आधार पर अमेजन के खिलाफ मुकदमा दायर किया था। वहीं मई में एक कनाडाई महिला ने आरोप लगाया था कि उसे एक एचआर मैनेजर को चूमने के लिए मजबूर किया गया था और जब उसने इस घटना की शिकायत करने की कोशिश की तो उसे ही दोषी ठहराया गया।












Click it and Unblock the Notifications