मंगल के राज़ जानना आसान नहीं

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के वैज्ञानिक मंगल पर जीवन की खोज के लिए गए इस यान के सफलतापूर्वक उतरने को लेकर काफी सचेत हैं। इससे पहले मंगल पर गए यानों ने ऐसे संकेत दिए थे कि मंगल पर बर्फ का अस्तित्व है।
नासा के विज्ञान अभियान निदेशालय के संयुक्त प्रशासक एड वेलर ने कहा, "यह कोई आसान यात्रा नहीं है। मंगल पर किसी यान को सुरक्षित उतारना खासा कठिन और खतरनाक काम है।" गौरतलब है कि मंगल की सतह पर उतरने के पिछले 15 प्रयासों में से पांच ही सफल हो सके हैं और ये पांचों सफल यात्राएं नासा के यानों ने ही कीं हैं।
ऐसी व्यवस्थाएं की गईं हैं कि मंगल पर उतरने के ठीक पहले यान की गति को नियंत्रित किया जा सके ताकि इसके उतरते समय किसी दुर्घटना की संभावना को कम किया जा सके। मंगल की अपनी तीन महीने की यात्रा के दौरान यह यान वहां जमी बर्फ को खोदने के लिए 2.4 मीटर लंबे एक यंत्र का उपयोग करेगा।
यह यान न केवल मंगल के उत्तरी इलाके का अध्ययन करेगा बल्कि यह वहां जीवन के अस्तित्व के बारे में भी जानकारी एकत्रित करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications