बिहार: डॉक्टर ने महिला के उखाड़े दिए चार दांत, महिला की हो गई मौत
गोपालपुर। बिहार के गोपालपुर में एक महिला को अपना दांत निकलवाना भारी पड़ गया। दांत निकलते ही महिला बेहोश हो गई और कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। महिला की मौत होने के बाद डॉक्टर क्लीनिक छोड़ कर फरार हो गया। गुस्साए परिजनों ने क्लीनिक में जमकर हंगामा किया। वहीं घटना की सूचना पर गोपालपुर थाना की पुलिस पहुंच महिला के शव को कब्जे में लेकर लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
घटना पटना जिले के गोपालपुर थाना के बैरिया की है। यहां संगीता उर्फ सोनी अपने मायके गर्दनीबाग आई हुई थी। तीन दिन पहले गुरुवार को सरिस्ताबाद से गोपालपुर के अब्दुल्लचक अपने मामा लालबाबू के यहां पति व दो बच्चे के साथ घूमने गई। जिसके बाद दांत में अचानक दर्द उठने पर मामा ने बैरिया एक डेंटिस्ट डॉ. उमागोस्वामी से दिखाने ले गए। जिसके बाद डॉक्टर शुक्रवार को देख कर कुछ दवा दिया और एक दांत को उखाड़ने की बात कहकर शनिवार को बुलाया था।
वहीं शनिवार को जब संगीता के परिवार वाले डॉक्टर के यहां ले गये। इसी दौरान डॉक्टर ने एक दांत उखाड़ने के बजाय एक साथ चार-चार दांत को उखाड़ दिए। जिसके बाद महिला अचानक बेहोश हो गयी और थोड़े देर में ही दम तोड़ दिया। वहीं गोपालपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दी गया है। डॉक्टर के ऊपर मृतक महिला के परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। फिलहाल डॉक्टर क्लीनिक छोड़कर फरार है।