कौन हैं IAS प्रियंका रानी, जिन्होंने बिहार के सारण में होमगार्ड जवान को बेरहमी से पीटा! क्या है पूरा विवाद
IAS Priyanka Rani News: बिहार के सारण की उपविकास आयुक्त (DDC) प्रियंका रानी पर एक होमगार्ड जवान अशोक कुमार शाह ने पीटे जाने का गंभीर आरोप लगाया है।

IAS Priyanka Rani: बिहार के सारण में तैनात आईएएस अफसर प्रियंका रानी इन दिनों सुर्खियों में हैं। बिहार के सारण की उपविकास आयुक्त (DDC) प्रियंका रानी पर होमगार्ड के एक जवान को बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। प्रियंका रानी के आवास पर तैनात होमगार्ड जवान अशोक कुमार साह ने DDC पर यह आरोप लगाया है।
होमगार्ड जवान अशोक साह फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं। होमगार्ड जवान अशोक साह का कहना है कि घर के बाहर वाले गेट पर ड्यूटी ना करने को लेकर डीडीसी मैडम प्रियंका रानी गुस्सा हो गई थीं और उन्होंने उसके बाद लोहे की रॉड से उसकी पिटाई की। पीड़ित जवान अशोक ने मीडिया को अपने शरीर पर आए चोट के निशान भी दिखाए हैं।
डीडीसी प्रियंका रानी ने कहा- गलत है आरोप
यह घटना अब एक बड़े मुद्दे में बदल गई है और बिहार होमगार्ड्स वालंटियर एसोसिएशन ने अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने पर हड़ताल पर जाने की धमकी दी है। हालांकि, डीडीसी प्रियंका रानी ने दावा किया कि उनके खिलाफ आरोप "आधारहीन" हैं।
घायल जवान अशोक कुमार साह का छपरा सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। साह ने कहा कि वह सोमवार 29 मई 2023 की रात की पाली में अधिकारी के आवास पर तैनात थे।
होमगार्ड के जवान ने कहा- मैडम ने लोहे का रॉड निकाला और...
अशोक शाह ने अपने बयान में कहा, ''29 मई की रात 12 बजे के आसपास डीडीसी मैडम आवास पर आईं तो मैंने दरवाजा खोला। उन्होंने मुझसे पूछा कि बाहर वाले गेट पर क्यों नहीं ड्यूटी हो रही है। तो मैंने कहा, सड़क पर राइफल लेकर कैसे ड्यूटी होगी, किसी ने राइफल छीन ली तो...। ये सुनकर वो गुस्सा हो गईं और मुझे गाड़ी से लोहे का रॉड निकालकर मारने लगीं। उन्होंने मुझे गाली भी दी। मैंने इस घटना की शिकायत जिलाधिकारी को दी है। डीडीसी मैडम ने मुझे बिना किसी कारण मारा है।''
कौन हैं IAS प्रियंका रानी?
प्रियंका रानी 2019 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। फिलहाल वह बिहार के सारण जिले में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) के पद पर तैनात हैं। प्रियंका रानी ने आईआईटी खड़गपुर से कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग में डिग्री ली है।
प्रियंका रानी जब से बिहार के छपरा में तैनात हुई हैं, तब से विवादों में हैं। कुछ समय पहले उन्होंने सभी कर्मचारियों को सुबह 5 बजे ही बैठक में आने का निर्देश दिया था। इसके अलावा उन्होंने एक बार आदेश दिया था कि कोई कर्मचारी उनके दफ्तर में जींच पहनकर नहीं आएगा।












Click it and Unblock the Notifications