Bihar Chunav 2025: कौन हैं शिव कुमार जिन्होंने थामा जन सुराज का दामन, कभी NDA की टिकट पर खेला था चुनावी दांव
Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले जन सुराज पार्टी ने एक बार फिर अपनी ताक़त बढ़ा ली है। शेखपुरा जिले के बरबीघा निवासी वरिष्ठ नेता शिव कुमार सोमवार को औपचारिक रूप से जन सुराज पार्टी में शामिल हो गए।
बेली रोड स्थित शेखपुरा हाउस में आयोजित मिलन समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह और प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने उन्हें पीला गमछा ओढ़ाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर उनके साथ सैकड़ों समर्थक भी जन सुराज में शामिल हुए।

भूमिहार समाज के वरिष्ठ नेता, जेपी आंदोलन से जुड़े रहे
शिव कुमार भूमिहार समाज से आते हैं और उनका लंबा राजनीतिक व सामाजिक अनुभव रहा है। महज 14 साल की उम्र में उन्होंने 1974 के जेपी आंदोलन में भाग लिया था और इस दौरान उन्हें 28 महीने तक जेल में रहना पड़ा। आंदोलन के दौरान उन पर करीब 45 मुकदमे दर्ज किए गए, जिनमें हत्या का केस भी शामिल था। वे बरबीघा नगर परिषद के सभापति रह चुके हैं।
NDA से भी जुड़े रहे, लड़ा था विधानसभा चुनाव
राजनीतिक सफर में शिव कुमार NDA गठबंधन से भी जुड़े रहे। साल 2015 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने रालोसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। वे जहानाबाद के पूर्व सांसद अरुण कुमार के करीबी माने जाते हैं। इसके अलावा उन्होंने "बरबीघा बचाओ, बरबीघा बनाओ" संगठन की भी नींव रखी थी।
'व्यक्तित्व से नहीं, पद से किसी का कद नापना राजनीति की गिरावट'
जन सुराज में शामिल होने के बाद शिव कुमार ने कहा - "जेपी आंदोलन के दिनों से राजनीति में हूं। लेकिन आज की सबसे बड़ी समस्या यह है कि नेताओं का कद उनके व्यक्तित्व से नहीं, बल्कि पद से नापा जाने लगा है। यही राजनीति की गिरावट की असली वजह है।"
रिटायर्ड जज और कई अन्य चेहरे भी जुड़े
इस मौके पर न्यायिक सेवा से रिटायर हुए जज ओम प्रकाश ने भी जन सुराज पार्टी की सदस्यता ली। वे रविदास समाज से आते हैं और पटना समेत कई जिलों में जिला जज रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि रिटायरमेंट के बाद समाज के लिए काम करने की प्रेरणा मिली और लोगों की सलाह पर जन सुराज से जुड़ गए। इसके अलावा प्रो. सच्चिदानंद यादव, अनिल सिंह, संजीत चौधरी और दिनेश शर्मा जैसे कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता भी जन सुराज में शामिल हुए।
पार्टी नेताओं का बयान
पार्टी अध्यक्ष उदय सिंह ने कहा कि आज बिहार में सबसे ज्यादा चर्चा जन सुराज की है, लेकिन हमारी लड़ाई सिर्फ सत्ता परिवर्तन की नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन की है। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए ही जन सुराज पार्टी का गठन हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications