Bankipur By-Election: कौन हैं रेखा गुप्ता? जिन्हें तेजस्वी ने बांकीपुर उपचुनाव में फिर बनाया RJD उम्मीदवार
Bankipur By Election 2026: बिहार की राजनीति में एक बार फिर चुनावी बिसात बिछ चुकी है। पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव (Bankipur By-Election 2026) के लिए राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपने पत्ते खोल दिए हैं।
राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रेखा कुमारी उर्फ रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) को पार्टी का आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया है।

लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव ने लगातार दूसरी बार रेखा गुप्ता पर भरोसा जताया है। RJD के इस फैसले से जहां बांकीपुर का चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प और त्रिकोणीय हो गया है, वहीं महागठबंधन के सहयोगी दल कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है।
Who Is Rekha Gupta RJD Candidate: कौन हैं रेखा गुप्ता जिन पर RJD ने जताया दोबारा भरोसा?
रेखा गुप्ता कोई नया नाम नहीं हैं, वे पिछले साल यानी नवंबर 2025 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में भी बांकीपुर सीट से महागठबंधन (आरजेडी) के टिकट पर चुनाव लड़ चुकी हैं। पिछले साल 2025 के चुनाव में इस सीट पर बीजेपी के कद्दावर नेता नितिन नवीन ने जीत दर्ज की थी, लेकिन रेखा गुप्ता ने उन्हें कड़ी टक्कर देते हुए 46,363 वोट हासिल किए थे और वे दूसरे स्थान पर रही थीं।
क्यों हो रहा है उपचुनाव?
बीजेपी के नितिन नवीन के राज्यसभा चुने जाने और विधानसभा से इस्तीफा देने के कारण यह सीट खाली हुई है। राजद का मानना है कि चूंकि पिछले चुनाव में रेखा गुप्ता को करीब 47 हजार वोट मिले थे, इसलिए इस उपचुनाव में वे सबसे मजबूत दावेदार हैं। रेखा गुप्ता पहले कांग्रेस में थीं, लेकिन बाद में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर आरजेडी का दामन थाम लिया था। वे एक प्रखर और जमीनी स्तर पर एक्टिव रहने वाली महिला नेता मानी जाती हैं।
वैश्य कार्ड खेलकर बीजेपी के गढ़ में सेंधमारी की तैयारी में RJD
बांकीपुर विधानसभा सीट को परंपरागत रूप से BJP का अभेद्य किला माना जाता है। जातीय समीकरणों की बात करें तो इस सीट को हमेशा से 'कायस्थ' बहुल सीट माना गया है। लेकिन आरजेडी ने यहां बहुत सोच-समझकर 'सोशल इंजीनियरिंग' का फॉर्मूला अपनाया है।
रेखा गुप्ता वैश्य समाज की 'तेली' जाति से आती हैं। बांकीपुर इलाके में कायस्थ मतदाताओं के बाद वैश्य (बनिए और व्यापारी) समाज के वोटरों की संख्या सबसे अच्छी-खासी है। बाकरगंज और दलदली जैसे व्यापारिक इलाकों में वैश्य समाज का भारी दबदबा है। आरजेडी को उम्मीद है कि अपने पारंपरिक MY - मुस्लिम और यादव समीकरण के साथ अगर रेखा गुप्ता वैश्य समाज के वोटों में सेंध लगाने में कामयाब रहीं, तो वे बीजेपी के इस गढ़ को ढहा सकती हैं।
बांकीपुर में नामांकन की प्रक्रिया आज 6 जुलाई से शुरू हो गई है। 13 जुलाई तक पर्चे भरे जाएंगे और 30 जुलाई 2026 को वोटिंग होगी, जबकि नतीजे 3 अगस्त को आएंगे। अब देखना यह होगा कि क्या रेखा गुप्ता वैश्य समाज और RJD के गठबंधन के दम पर प्रशांत किशोर और बीजेपी को मात दे पाती हैं या नहीं।














Click it and Unblock the Notifications