कौन है रमीज़? जिसकी वजह से लालू की बेटी रोहिणी ने छोड़ी पार्टी और परिवार? कभी तेजस्वी के साथ खेलता था क्रिकेट
Who is Rameez Nemat Khan: बिहार विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को मिली करारी हार के बाद घमासान मचा हुआ है। महज 25 सीटों पर सिमटकर रह जाने के बाद, तेजस्वी यादव अपने वादों के साथ सिर पीट ही रहे थे कि लालू परिवार में नया युद्ध छिड़ गया है।
दरअसल, आरजेडी को मिली करारी हार के एक दिन बाद 15 नवंबर को लालू यादव की वो बेटी जिसने अपनी किडनी दान कर पिता लालू की जान बचाई थी, उसने अचानक आरजेडी और परिवार छोड़ने का ऐलान कर सबको हैरान कर दिया। पार्टी और परिवार छोड़ने का ऐलान करते हुए रोहिणी ने एक पोस्ट शेयर की जिसमें दो शख्स का नाम लिया।

तेजस्वी की बहन रोहिणी ने लिखी ये पोस्ट
तेजस्वी की बहन रोहिणी आचार्य ने इन दोनों को जिम्मेदार ठहराते हुए परिवार से नाता तोड़ने की घोषणा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "मैं राजनीति छोड़ रही हूं और अपने परिवार से नाता तोड़ रही हूं। संजय यादव और रमीज ने मुझसे यही करने को कहा था। मैं सारा दोष अपने ऊपर ले रही हूं।"
इस पोस्ट ने बिहार की राजनीति में भूचाल ला दिया, खासकर इसलिए क्योंकि रोहिणी ने दो नामों का जिक्र किया था। पहला नाम संजय यादव आरजेडी प्रमुख तेजस्वी यादव के भरोसेमंद सहयोगी हैं, और दूसरा नाम रमीज है, जो अब इस पोस्ट के बाद सुर्खियों में है। आइए जानते हैं आखिर कौन है रमीज जो रोहिणी आचार्य के रडार पर हैं।

कौन हैं रमीज़?
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले का मूल निवासी रमीज का पूरा नाम रमीन नेमत खान हैं। रमीज का जन्म 1986 में हुआ था। उन्होंने डीपीएस मथुरा रोड से दसवीं की पढ़ाई की और जामिया से एमबीए की डिग्री हासिल की है। उन्होंने पॉलिटिकल साइंस में स्नातक भी किया है। रमीज ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 30 मैच खेले हैं, जिसमें वह झारखंड टीम का हिस्सा रहे हैं। वह राइट हैंड बल्लेबाज थे।

तेजस्वी के साथ खेला है क्रिकेट
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार संजय यादव की तरह ही रमीज भी तेजस्वी के बचपन के दोस्त हैं, और दोनों क्रिकेट के दिनों से एक-दूसरे को जानते हैं। 2016 में आरजेडी से जुड़ा और शुरुआत में डिप्टी सीएम कार्यालय में बैकडोर का काम संभाला, जिसके बाद वह तेजस्वी यादव के निजी कार्यालय से जुड़ गए। रमीज तेजस्वी के दैनिक कार्यक्रमों और चुनावी अभियानों का मैनेजमेंट करते हैं। ये संजय यादव का बेहद करीबी बताया जाता है।

री-पोस्ट में रोहिणी ने रमीज के बारे में किए चौंकाने वाले खुलासे
हालांकि, बाद में रोहिणी ने अपने 'एक्स' हैंडल से एक और पोस्ट री-पोस्ट की, जिसमें रमीज के बारे में कुछ चौंकाने वाले खुलासे करते हुए दावा किया गया है, रोहिणी जिस रमीज का जिक्र कर रही थीं, वह कोई साधारण व्यक्ति नहीं बल्कि रमीज नेमत नामक एक विवादित पृष्ठभूमि वाला शख्स है। री-पोस्ट में रमीज की छवि एक गैंगस्टर जैसी बताई गई है, जिस पर हत्या का मामला दर्ज होने की बात भी कही गई है। यह भी उल्लेख किया गया है कि उसके ससुर यूपी के शीर्ष 10 अपराधियों में शामिल हैं और रमीज फिलहाल जमानत पर जेल से बाहर है।

हालांकि, इन दावों की अभी तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है, न ही संजय यादव और न ही रमीज की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया आई है।
संजय यादव के कारण लालू परिवार में हो रही कलह
संजय यादव पहले भी लालू परिवार में कलह का कारण रहे हैं। लालू परिवार के बड़े बेटे तेजप्रताप घर और पार्टी से निकाले जाने के बाद संजय को निशाना बनाते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। चुनावी माहौल के बीच, तेज प्रताप ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि वह राजद में वापस नहीं जाएंगे, चाहे कितने भी बुलावे आएं। उन्होंने अपनी बहन रोहिणी का बचाव करते हुए कहा था कि जो कोई भी उनका अपमान करेगा, उसे 'सुदर्शन चक्र' का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने संजय यादव को जयचंद्र की संज्ञा दी थी।












Click it and Unblock the Notifications