लालू बोले- नीतीश बतायें बिहार में बाढ़ दो पैर वाले चूहों की वजह से आयी या चार पैरों वाले?
पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने बिहार सरकार द्वारा बाढ़ के लिए चूहों को जिम्मेदार ठहराए जाने वाले बयान पर निशाना साधा है। लालू यादव ने कहा कि नीतीश बतायें बिहार में बाढ़ दो पैर वाले चूहों की वजह से आई या चार पैरों वाले चूहों की वजह से जो तटबंध निर्माण का हजारों करोड़ खा गए? बता दें कि बिहार के जल संसाधन मंत्री ललन सिंह ने हाल में बिहार में आई भयान बाढ़ के लिए वहां के चूहों को जिम्मेदार ठहराया था।
ललन सिंह ने कहा था कि बिहार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चूहे की वजह से हर साल बाढ़ आ जाता है। क्योंकि नदी के तटबंधों को चुहे खोखला कर देते हैं। जिससे बाढ़ की पानी नहीं रुक पाता है। ललन सिंह के इस बयान के बाद लालू यादव ने शनिवार को अपने ट्विटर अकाउंट से नीतीश कुमार पर तंज कसा। यहां तक की लालू यादव ने बिहार सरकार को चूहा सरकार कह दिया।
लालू यादव ने कहा कि, 'बाढ़ की जवाबदेही चूहों की है नीतीश की थोड़े है।नीतीश तो नैतिकता के नशे मे मस्त और अंतरात्मा से वार्तालाप में व्यस्त है। जय हो चूहा सरकार की।' लालू यहीं नहीं रुके। उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, 'बिहार में हजारों टन शराब गायब- चूहे जिम्मेदार। बाढ़ में हजारों लोग मरे- चूहे जिम्मेदार। मानो ये चूहे न हुए, नीतीश के सरकारी बलि के बकरे हो गए।'
लालू ने एक अन्य ट्वीट में कहा, 'गजब रे गजब भाई! क्या आप जानते हैं, बिहार में बाढ़ चूहों के कारण आई। यदि नहीं, तो पता करिए, नीतीश बताएंगे कि चूहे कैसे बिहार में बाढ़ लेकर आए।'