बिहार में आकाशीय बिजली गिरने से 19 लोगों की मौत, पीड़ित परिवारों को मुआवजे का ऐलान, आज भी रेड अलर्ट

Bihar Weather News Update: बिहार में लंबे इंतजार के बाद मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने राज्य के 18 जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी से उठा निम्न दबाव का क्षेत्र अब बिहार में सक्रिय हो गया है और इसका असर राज्य के बड़े हिस्से में देखा जा रहा है।

कहां-कहां रहेगा असर: मौसम विभाग के अनुसार, बिहार के पटना, पश्चिम चंपारण, जहानाबाद, नालंदा, वैशाली, नवादा सहित 18 जिलों में अगले 24 घंटों में भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है।

Weather Update Bihar

बाढ़ का खतरा, हजारों लोग प्रभावित: तेज बारिश और जल स्तर बढ़ने के कारण बिहार के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जहानाबाद जिले के घोसी और मोदनगंज प्रखंड में फल्गु नदी का तटबंध टूट गया है। इसके कारण 24 गांव जलमग्न हो गए हैं और करीब 50,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है।

नालंदा जिले से बहने वाली जिरायन नदी में भी जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। अस्थावां प्रखंड के सदरपुर और बिंद प्रखंड के बरहोग गांव जलमग्न हो चुके हैं। सारण जिले के सोनपुर प्रखंड के सबलपुर दियारा इलाके में गंगा का पानी बढ़ने से कटाव तेज हो गया है। स्थानीय लोग प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

बिजली गिरने से 19 लोगों की मौत: बारिश के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी राज्य में चिंता का विषय बन गई हैं। बुधवार को विभिन्न जिलों में बिजली गिरने से 19 लोगों की जान चली गई। जिलेवार आंकड़े इस प्रकार हैं:

  • नालंदा- 5 लोगों की मौत
  • वैशाली - 4 लोगों की मौत
  • नवादा - 4 लोगों की मौत
  • पटना - 2 लोगों की मौत
  • औरंगाबाद, जहानाबाद, शेखपुरा, बांका - 1-1 की मौत

राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा की है और लोगों को खुले स्थानों से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है।

कम बारिश बनी चिंता का कारण: मानसून की सक्रियता के बावजूद राज्य में अब तक औसत से 46% कम वर्षा हुई है, जो कृषि और जल आपूर्ति पर गंभीर प्रभाव डाल सकती है। 15 जुलाई तक सामान्य वर्षा 349.1 मिमी होनी चाहिए थी, अब तक मात्र 189.4 मिमी वर्षा हुई। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर बारिश की स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो धान की खेती को बड़ा नुकसान हो सकता है।

राजधानी पटना का मौसम कैसा रहेगा: राजधानी पटना में गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने रुक-रुककर मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। 26°C न्यूनतम तापमान रहेगा। 30-32°C अधिकतम तापमान होने की उम्मीद है। बुधवार को भी हल्की बारिश और बूंदाबांदी से मौसम सुहावना बना रहा।

मौसम विभाग की चेतावनी और लोगों के लिए अपील: मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले 24 घंटे संवेदनशील हो सकते हैं। लोगों से आग्रह किया गया है कि वह अनावश्यक यात्रा से बचें। खुले मैदानों में नहीं जाएं। बिजली गिरने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहें। बाढ़ प्रभावित इलाकों में सावधानी बरतें। प्रशासन की ओर से एनडीआरएफ और स्थानीय एजेंसियों को अलर्ट मोड में रखा गया है।

सतर्क रहें, सुरक्षित रहें: बिहार में एक ओर मानसून की सक्रियता राहत लेकर आई है, वहीं दूसरी ओर बिजली गिरने, बाढ़ और कम बारिश ने चिंता भी बढ़ा दी है। लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करते हुए सतर्क रहना होगा और प्रशासन को चाहिए कि राहत कार्य में और तेजी लाए।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+