Bihar Weather News: बिहार में पसीना छुड़ाएगी गर्मी, अधिकांश जिलों में नहीं होगी बारिश, जानिए कैसा रहेगा मौसम?
Bihar Weather Update: बिहार में मौसम का मिज़ाज बदल गया है। कुछ दिन पहले तक लगातार हो रही बारिश से लोग परेशान थे, लेकिन अब आसमान साफ़ और हवा में उमस की चुभन है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार से पूरे राज्य में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। यानी अब दुर्गा पंडाल घूमने निकले लोगों को छाते की जगह पसीना पोंछने के लिए रुमाल साथ रखना होगा।
आज का मौसम
रविवार को बिहार का मौसम ज़्यादातर शुष्क रहेगा। आईएमडी ने केवल पश्चिमी बिहार के सीमावर्ती जिलों और सीमांचल क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है। जबकि पटना, गया, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा समेत अधिकतर जिलों में आसमान साफ़ और बारिश के आसार बेहद कम हैं। दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी का अनुमान है, जिससे उमस और पसीने की परेशानी बनी रहेगी।

दुर्गा पूजा तक का पूर्वानुमान
बिहार मौसम सेवा केंद्र का कहना है कि अगले दो दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा। हवा की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बारिश संभव है, लेकिन यह राहत देने के लिए पर्याप्त नहीं होगी।
1 अक्टूबर तक यही हालात रहने की उम्मीद है। 2 अक्टूबर से मानसून एक बार फिर सक्रिय होगा और कई जिलों में भारी बारिश के आसार हैं। तब तक लोगों को उमस और हल्की-फुल्की बूंदाबांदी से ही काम चलाना पड़ेगा।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि दिन में बाहर निकलते समय पर्याप्त पानी पिएं और हल्के, सूती कपड़े पहनें। उमस से बचने के लिए शरीर को हाइड्रेटेड रखना बेहद ज़रूरी है। दुर्गा पूजा के दौरान मेले में जाने वाले लोग शाम के समय ठंडी हवाओं का आनंद ले सकते हैं, लेकिन दोपहर में गर्मी का असर बना रहेगा।
तेज़ धूप और उमस की दोहरी मार
बिहार में फिलहाल तेज़ धूप और उमस की दोहरी मार है। हालांकि 2 अक्टूबर से मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना है, जिससे भारी बारिश के साथ मौसम में ठंडक लौट सकती है। तब तक लोगों को गर्म और चिपचिपे मौसम के बीच त्योहार की रौनक का मज़ा लेना होगा।












Click it and Unblock the Notifications