दिलीप कुमार के निधन पर सीएम नीतीश कुमार और लालू प्रसाद ने जताया दुख, ट्वीट कर कही ये बात
पटना। भारतीय सिनेमा जगत के सर्वश्रेष्ठ अभिनेता में शुमार दिलीप कुमार का बुधवार यानी कि 7 जुलाई को निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे हैं। 98 साल की उम्र में आज सुबह साढ़े सात बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। दिलीप कुमार के निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी संवेदना व्यक्त की है।

सीएम नीतीश कुमार ने किया ट्वीट
ट्वीट करते हुए सीएम नीतीश कुमार ने लिखा कि हिंदी फिल्मों के प्रसिद्ध और लोकप्रिय अभिनेता एवं दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित दिलीप कुमार जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। वे राज्यसभा के सदस्य भी रह चुके थे। उनके निधन से सिनेमा जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।
Recommended Video

लालू यादव ने भी जताया दुख
वहीं राजद सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने भी ट्वीट कर शोक जताया है। ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा कि पसंदीदा अभिनेता नहीं रहे। विनम्र श्रद्धांजलि। इसके अलावा बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी ट्वीट कर दिलीप कुमार के निधन पर दुख जताया है।

तेजस्वी यादव ने किया ट्वीट
उन्होंने शोक संवेदना में लिखा कि महान अभिनेता दिलीप साहब के निधन पर उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ। भारतीय फ़िल्म जगत के दिग्गज कलाकारों की बात होगी, तो सबसे ऊपर दिलीप साहब का ही नाम होगा!

बिहार विधानसभा के अध्यक्ष ने भी जताया दुख
बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय सिन्हा ने भी दिलीप कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने संवेदना संदेश में कहा कि दिग्गज फिल्म अभिनेता और ट्रेजडी किंग के नाम से मशहूर दिलीप कुमार के निधन की सूचना से मैं मर्माहत हूं। वह अभिनय जगत के पारस थे उनके निधन से फिल्म और सामाजिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को दारूण दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।












Click it and Unblock the Notifications