कितनी संपत्ति की मालकिन हैं बाहुबली सूरजभान की पत्नी वीणा देवी? पति से भी ज्यादा पैसा, करोड़ों का है घर
Veena Devi Net Worth 2025 (Surajbhan Singh Wife): बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में मोकामा सीट इस बार भी हाई-प्रोफाइल टक्कर का केंद्र बनी हुई है। एक तरफ आरजेडी की वीणा देवी हैं, जो बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी हैं और दूसरी तरफ जेडीयू के अनंत सिंह। नामांकन दाखिल करने के दौरान वीणा देवी ने अपने चुनावी हलफनामे में संपत्ति का पूरा ब्योरा दिया, जिससे पता चलता है कि वे पति से भी कहीं ज्यादा संपत्ति की मालकिन हैं।
वीणा देवी ने अपने चल-अचल संपत्ति का कुल आंकड़ा 1.72 करोड़ रुपये बताया है, जबकि उनके पति सूरजभान सिंह के नाम पर 20.86 लाख रुपये की संपत्ति दर्ज है। नकद की बात करें तो वीणा के पास 1.25 लाख रुपये हैं, जबकि सूरजभान के पास 49,000 रुपये ही हैं। इस आंकड़े से साफ हो जाता है कि संपत्ति के मामले में वीणा सिंह कोई मामूली नाम नहीं हैं।

वीणा देवी के पास डेढ़ करोड़ का सोना
सबसे ज्यादा चर्चा सोने की संपत्ति को लेकर है। उनके पास 1.2 किलोग्राम सोना है। वीणा देवी के पास डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य का सोना है, जबकि उनके पति के पास 15.62 लाख रुपये का ही सोना है। इसके अलावा वीणा के नाम पर 5 लाख रुपये के शेयर भी हैं, जो उनके वित्तीय पावर को और मजबूत बनाते हैं।
वीणा देवी ने 2025-26 के लिए आयकर रिटर्न में अपनी वार्षिक आय 31,29,960 रुपये बताई है, जबकि उनके पति सूरजभान सिंह ने 8,36,300 रुपये की आय दर्ज की है।
6.95 करोड़ रुपये के हैं दो घर
सबसे बड़ी संपत्ति उनके दो फ्लैट हैं, जो पटना के डाकबंगला चौक में स्थित हैं। इन फ्लैट्स की कुल कीमत 6.95 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह संपत्ति वीणा देवी के वित्तीय सामर्थ्य का सबसे बड़ा सबूत है। इसके अलावा, उनके नाम पर 3.55 करोड़ रुपये मूल्य की गैर-कृषि भूमि है। वहीं, सूरजभान के पास 61.85 डिसमिल पुश्तैनी जमीन और 4.87 करोड़ की गैर-कृषि भूमि है।
कितनी पढ़ी-लिखी हैं वीणा देवी?
वीणा देवी ने अपनी शैक्षणिक योग्यता 9वीं पास बताई है और उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है। वहीं सूरजभान सिंह बिहार की राजनीति के जाने-माने बाहुबली नेता हैं, जिन्होंने दशकों से अपनी पकड़ बनाई है। सूरजभान सिंह विधायक और सांसद रह चुके हैं।
मोकामा में इस बार बाहुबली बनाम बाहुबली की लड़ाई
इस चुनावी मुकाबले में मोकामा की जनता खासतौर से वीणा देवी और अनंत सिंह के बीच टकराव पर नजर रख रही है। आरजेडी का लालटेन और जेडीयू की सत्तारूढ़ ताकत आमने-सामने होंगी, और लोग इसे बिहार की राजनीति की सबसे हाई-प्रोफाइल सीटों में से एक मान रहे हैं।
संपत्ति और राजनीतिक अनुभव के इस मिश्रण के बीच वीणा देवी ने साबित कर दिया है कि सिर्फ पति का नाम ही नहीं, बल्कि खुद की क्षमता और संपत्ति भी किसी उम्मीदवार की ताकत बढ़ा सकती है। इस बार मोकामा की जनता तय करेगी कि बाहुबली परिवार की पत्नी अपने दम पर सीट जीत पाएंगी या जेडीयू की सत्तारूढ़ ताकत का मुकाबला कर पाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications